
Nissan Gravite Price, Features: जापानी कार निर्माता कंपनी निसान के लिए आज एक बड़ा दिन रहा. लंबे समय के बाद कंपनी भारतीय बाजार में अपनी बिल्कुल नई कार Nissan Gravite को लॉन्च किया है. झीलों के शहर उदयपुर में एक भव्य इवेंट के दौरान निसान ने अपनी इस कार को आधिकारिक तौर पर बिक्री के लिए लॉन्च किया है. कंपनी का कहना है कि, इस कार का नाम ग्रेविटी (गुरुत्वाकषर्ण) से इंस्पायर है. आकर्षक लुक और एडवांस फीचर्स से लैस इस 7-सीटर कार की शुरुआती कीमत 5.65 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तय की गई है.
निसान इंडिया ने नई ग्रेवाइट की आफिशियल बुकिंग शुरू कर दी है, आज रात से इच्छुक ग्राहक इस कार को कंपनी के आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत डीलरशिप से बुक कर सकते हैं. कंपनी इस कार के शुरुआती 5,000 यूनिट्स के लिए स्पेशल इंट्रोडक्ट्री प्राइस का लाभ मिलेगा. यानी अर्ली बर्ड्स को कम कीमत में ये कार घर लाने का मौका मिलेगा.

महज 5.65 लाख रुपये की शुरुआती कीमत में आने वाली Nissan Gravite देश की सबसे सस्ती 7-सीटर कार है. ये कार मूल रूप से Renault Triber पर बेस्ड है, जिसकी शुरुआती कीमत 5.76 लाख रुपये है. इस लिहाज से ये सबसे किफायती 7 सीटर एमपीवी कार है, जो इस समय बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध है.
यह कार पहली नजर में जानी-पहचानी लगती है, लेकिन इसके डिजाइन और फीचर्स में ऐसे बदलाव किए गए हैं जो इसे भीड़ से अलग बनाते हैं. Gravite को खासतौर पर फैमिली यूज और रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. Nissan Gravite का स्टाइल काफी हद तक Triber से प्रेरित है, लेकिन इसमें कई अलग पहचान देने वाले एलिमेंट्स जोड़े गए हैं.
इसके हेडलैम्प्स में नए DRL सिग्नेचर मिलते हैं. कार में नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. फ्रंट और रियर बंपर को नए C-शेप सिल्वर इंसर्ट के साथ बदला गया है. बोनट और टेलगेट पर GRAVITE की ब्रांडिंग दी गई है. फ्रंट में हनीकॉम्ब पैटर्न वाली ग्रिल इसे ज्यादा प्रीमियम लुक देती है. कलर ऑप्शन में फॉरेस्ट ग्रीन, ओनिक्स ब्लैक, ब्लेड सिल्वर, स्नो व्हाइट और मेटैलिक ग्रे शामिल हैं.

Gravite का इंटीरियर लेआउट 5+2 सीटिंग के साथ Triber जैसा ही है, लेकिन इसके कलर और ट्रिम्स अलग रखे गए हैं. डैशबोर्ड का डिजाइन सिंपल और यूजफुल है. इसमें फ्लैट बॉटम थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, क्लाइमेट कंट्रोल के तीन नॉब और कई स्टोरेज स्पेस मिलते हैं. हायर वेरिएंट्स में 8 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 7 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है.
इस MPV में वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो, पुश बटन स्टार्ट और स्टॉप, क्रूज कंट्रोल, ऑटोमैटिक एलईडी हेडलैम्प्स और रेन सेंसिंग वाइपर्स मिलते हैं. सेफ्टी के लिए 6 एयरबैग्स दिए गए हैं. इसके अलावा रियर एसी वेंट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, पार्किंग सेंसर्स, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स, वायरलेस चार्जिंग पैड, कूल्ड ग्लोवबॉक्स, रिवर्स कैमरा और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम भी मौजूद है.
Nissan Gravite का एक लिमिटेड लॉन्च एडिशन भी पेश किया गया है, जिसकी सिर्फ 1,001 यूनिट्स बनाई जाएंगी. इस खास एडिशन में JBL साउंड सिस्टम, ड्यूल चैनल डैशकैम, एंबियंट लाइटिंग और कुछ अतिरिक्त फीचर्स दिए जाएंगे.

Gravite में 1.0 लीटर का 3 सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 72 एचपी की पावर और 96 न्यूटन मीटर टॉर्क जेनरेट करता है. यह इंजन 5 स्पीड मैनुअल और 5 स्पीड AMT गियरबॉक्स के साथ उपलब्ध है. मैनुअल वेरिएंट का माइलेज 19.3 किलोमीटर प्रति लीटर बताया गया है, जबकि AMT वर्जन 19.6 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देता है.
Nissan Gravite को कंपनी ने कुल 8 वेरिएंट में पेश किया है. इस कार की ख़ास बात ये है कि, कंपनी ने पहली कार किसी कार के लॉन्च के साथ ही सीएनजी किट का भी ऐलान किया है. निसान इंडिया के एमडी ने कहा कि, बहुत जल्द ही इस कार को डुअल-सिलिंडर CNG कि के साथ भी पेश किया जाएगा. इस कार का मेंटनेंस कॉस्ट भी सेग्मेंट में सबसे किफायती है, सौरभ वत्स के अनुसार इस कार की मेंटनेंस कॉस्ट महज 40 पैसे प्रतिकिमी है.
Nissan Gravite में कंपनी ने इंडस्ट्री के पहले AI वॉयस असिस्टेंस फीचर को शामिल किया है. निसान ने इसे अकिरा (Akira) नाम दिया है. जो यूजर को वॉयस चैट की सुविधा देता है. लॉन्च के वक्त सौरभ वत्स ने इसका एक डेमो देने की भी कोशिश की, ताकि मीडिया को लाइव एक्सपीरिएंस दिखाया जा सके. लेकिन दुर्भाग्य से कुछ तकनीकी खामी के कारण वॉयस असिस्टेंस फीचर यानी अकिरा ने रिस्पांस नहीं किया.