
भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने मई 2026 में सेल्स का नया रिकॉर्ड बनाया है. कंपनी ने घरेलू और विदेशी बाजारों को मिलाकर कुल 2,42,688 वाहनों की बिक्री दर्ज की, जो कंपनी के इतिहास की सबसे बड़ी मंथली सेल्स है. खास बात यह रही कि घरेलू बाजार में भी मारुति सुजुकी ने अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री का रिकॉर्ड बनाया और 1,93,535 गाड़ियों को ग्राहकों के घर पहुंचाया.
मारुति सुजुकी के अनुसार, मई 2026 में कंपनी ने डोमेस्टिक मार्केट में पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में 1,90,337 यूनिट्स वाहनों की बिक्री की. वहीं लाइट कमर्शियल व्हीकल (LCV) सेगमेंट में 3,198 यूनिट्स बिकीं. इसके अलावा अन्य वाहन निर्माताओं (OEM) को 7,239 यूनिट्स की सप्लाई की गई. कंपनी का एक्सपोर्ट भी इस दौरान तेजी से बढ़ा है. मारुति ने तकरीबन 41,914 वाहनों को विदेशी बाजारों में भेजा है.
मारुति सुजुकी की कुल बिक्री (डोमेस्टिक और एक्सपोर्ट मिलाकर) 2,42,688 यूनिट को यदि महीनों, घंटो और यहां तक की मिनट में बांटे तो औसतन कंपनी ने रोजाना 7,806 यूनिट, हर घंटे 325 यूनिट और हर मिनट औसतन 5 कारों की बिक्री की है. ये आंकड़े इस बात का सबूत हैं कि, मारुति सुजुकी क्यों देश के आधे कार बाजार पर कब्जा किए हुए है.
कंपनी के यूटिलिटी व्हीकल पोर्टफोलियो ने सेल्स बढ़ाने में सबसे अहम भूमिका निभाई. इस सेगमेंट में ब्रेजा, अर्टिगा, ई-विटारा, फ्रांक्स, इन्विक्टो, जिम्नी और विक्टोरिस जैसे मॉडलों ने शानदार प्रदर्शन किया है. बीते मई में इस सेगमेंट में कंपनी ने कुल 79,267 यूनिट्स यूटिलिटी वाहनों की बिक्री की है. जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 54,899 यूनिट्स था. इससे साफ है कि ग्राहकों के बीच SUV और MPV वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है.

मारुति की एंट्री लेवल छोटी कारें हमेशा से ही ग्राहकों के बीच लोकप्रिय रही हैं. इस सेगमेंट में भी शानदार बढ़ोतरी देखने को मिली है. मई ऑल्टो और एस-प्रेसो जैसी छोटी कारों की बिक्री 16,275 यूनिट्स रही, जबकि मई 2025 में यह आंकड़ा केवल 6,776 यूनिट्स था. वहीं बलेनो, सेलेरियो, इग्निस, स्विफ्ट, वैगनआर और डिजायर जैसी कॉम्पैक्ट और मिड-साइज कारों की बिक्री बढ़कर 81,555 यूनिट्स पहुंच गई. पिछले साल इसी महीने में इन मॉडलों की 61,960 यूनिट्स बिकी थीं. कुल मिलाकर पैसेंजर कारों की बिक्री 97,830 यूनिट्स रही, जो पिछले साल मई में दर्ज 68,736 यूनिट्स के मुकाबले काफी ज्यादा है.
मारुति सुजुकी की लोकप्रिय वैन Eeco ने भी लगातार अच्छा परफॉर्म कर रही है. बीते महीने इसकी 13,240 यूनिट्स बिकीं, जबकि पिछले साल इसी महीने 12,327 यूनिट्स की बिक्री हुई थी. वहीं लाइट कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में आने वाली Super Carry की बिक्री बढ़कर 3,198 यूनिट्स हो गई, जो मई 2025 में 2,728 यूनिट्स थी. यानी इन दोनों वाहनों ने भी मारुति की सेल्स ग्रोथ में शानदार प्रदर्शन किया है.
पैसेंजर व्हीकल और लाइट कमर्शियल व्हीकल्स को मिलाकर कंपनी की कुल घरेलू बिक्री 1,93,535 यूनिट्स रही. पिछले साल मई में यह आंकड़ा 1,38,690 यूनिट्स था. यदि OEM सप्लाई को भी जोड़ दिया जाए तो कुल घरेलू बिक्री 2,00,774 यूनिट्स तक पहुंच गई, जबकि एक साल पहले यह 1,48,858 यूनिट्स था. मारुति सुजुकी का एक्सपोर्ट भी तेजी से बढ़ा है. मई में कंपनी ने कुल 41,914 वाहनों को एक्सपोर्ट किया है जो पिछले साल मई में बेचे गए 31,219 यूनिट्स के मुकाबले काफी ज्यादा है.
अप्रैल और मई 2026 को मिलाकर चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले दो महीनों में मारुति सुजुकी की कुल बिक्री 4,82,334 यूनिट्स तक पहुंच गई. इसमें 4,00,366 वाहन घरेलू बाजार में बेचे गए, जबकि 81,968 यूनिट्स को एक्सपोर्ट किया गया है. पिछले फाइनेंशियल ईयर के इन्हीं महीनों में कंपनी की कुल बिक्री 3,59,868 यूनिट्स थी. मारुति सुजुकी के ताजा आंकड़े बताते हैं कि कंपनी के SUV, यूटिलिटी व्हीकल और कॉम्पैक्ट कार पोर्टफोलियो की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है. घरेलू बाजार में बढ़ती बिक्री और एक्सपोर्ट में तेजी ने कंपनी को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है.