पाकिस्तान: विज्ञान मंत्री फवाद चौधरी ने ऐसा क्या कर दिया, जो सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई महिला?

फवाद चौधरी ने ट्वीट कर पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट के जज के लिए "अंडर ट्रायल जज" का इस्तेमाल किया. उन्हें चुनाव लड़ने की चुनौती दी. इसे लेकर जज की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में चौधरी के खिलाफ याचिका लगाई है.

Advertisement
पाकिस्तान के विज्ञान मंत्री फवाद चौधरी (फाइल फोटो) पाकिस्तान के विज्ञान मंत्री फवाद चौधरी (फाइल फोटो)

aajtak.in

  • इस्लामाबाद,
  • 23 मार्च 2021,
  • अपडेटेड 12:03 AM IST
  • चौधरी ने जज ईसा को अंडर ट्रायल जज कहा था
  • कहा था कि वो पद छोड़ दें और चुनाव लड़कर दिखाएं
  • जज की पत्नी ने कोर्ट की अवमानना का केस चलाने की अपील की

फवाद चौधरी कहने को तो पाकिस्तान के विज्ञान और तकनीकी मंत्री हैं. लेकिन चर्चा में बने रहने के लिए अक्सर कुछ न कुछ करते ही रहते हैं. एक बार फिर फवाद चौधरी अपने एक ट्वीट को लेकर चर्चा में आ गए हैं. और इस ट्वीट की वजह से उनके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दाखिल हो गई है.

दरअसल, कुछ दिन पहले फवाद चौधरी ने ट्वीट कर पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट के जज काजी फैज ईसा को चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी. साथ ही उनके लिए कुछ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल भी किया था. इसी को लेकर अब जज काजी की पत्नी सरीना ईसा सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई हैं. उन्होंने फवाद के ऊपर कोर्ट की अवमानना का केस चलाने की अपील की है. 

Advertisement

फवाद ने ऐसा क्या कहा था?

फवाद चौधरी ने 19 मार्च को ट्वीट कर जज काजी पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं. उन्होंने ट्विट कर लिखा, "कुछ हफ्ते पहले सुप्रीम कोर्ट के अंडर ट्रायल जज (जस्टिस ईसा) के भाषण सुने. अगर (मैं) उन्हें जवाब देता, तो मुझे लोग लेक्चर देने लगते. हम जिस तरह से अपमानित किए गए, मुझे ये सुनकर बुरा लगा."

फवाद यहीं नहीं रुके. उन्होंने एक और ट्वीट किया और लिखा, "सर, अगर आप भी अपने गॉडफादर इफ्तिखार चौधरी (पाकिस्तान के पूर्व चीफ जस्टिस) की तरह राजनीति के शौकीन हैं, तो अपने पद से इस्तीफा दें और चुनाव लड़ें. आपको पता चल जाएगा कि आप कितने लोकप्रिय और स्वीकार्य हैं."

अंडर ट्रायल और गॉडफादर पर आपत्ति

जस्टिस ईसा की पत्नी ने "अंडर ट्रायल जज" और "गॉडफादर" शब्द पर आपत्ति जताई है. उन्होंने अपनी याचिका में कहा है कि फवाद चौधरी ने उनके पति के लिए अंडर ट्रायल जज का इस्तेमाल किया, वो कोई "अंडर ट्रायल कैदी" नहीं हैं. इसके अलावा उन्होंने गॉडफादर शब्द का भी इस्तेमाल किया, ये शब्द माफियाओं के लिए इस्तेमाल होता है. 

Advertisement

सरीना ईसा का कहना है कि ऐसा कहकर फवाद चौधरी ने अपनी शपथ का उल्लंघन किया है. साथ ही पाकिस्तान के संविधान, पूर्व चीफ जस्टिस और सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज का मजाक उड़ाया है. और ये कोर्ट की अवमानना है. 

विवादित जज हैं जस्टिस ईसा

जस्टिस काजी फैज ईसा पाकिस्तान के विवादित जज हैं. पिछले साल भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद प्रधानमंत्री इमरान खान उन्हें पद से हटाना चाहते थे, लेकिन उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिला. उनकी पत्नी के खिलाफ भी टैक्स चोरी की जांच हो रही है. जानकारों का मानना है कि अगर जस्टिस ईसा के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप साबित नहीं हुए तो वो 2023 में आम चुनाव के बाद पाकिस्तान के चीफ जस्टिस बन सकते हैं.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »