मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध पर दुनियाभर के मुल्क पैनी नजर बनाए हुए हैं. दुनिया देख रही है कि ईरान के खिलाफ अब अमेरिका अगला कदम क्या लेगा. अमेरिकी नेताओं के बयान इस दौरान काफी मायने रख रहे हैं. युद्ध के बीच लाइव टीवी पर एक मामला सामने आया है, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. व्हाइट हाउस में जब अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट एक इंटरव्यू दे रहे थे, अचानक उन्हें सिचुएशन रूम बुला लिया गया. यह इंटरव्यू लाइव था और दुनियाभर के लोग इसे देख रहे थे.
63 साल के बेसेंट उस समय स्काई न्यूज के पत्रकार विलफ्रेड फ्रॉस्ट के साथ इंटरव्यू कर रहे थे, जब अचानक उनका एक सहयोगी आए और उन्हें बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उन्हें तुरंत बुला रहे हैं. यह घटना सुबह लगभग 10 बजकर 22 मिनट पर हुई. बेसेंट ने बिना कोई और डिटेल दिए अपना माइक्रोफोन हटाया और इंटरव्यू बीच में ही छोड़कर वहां से चले गए.
पत्रकार विलफ्रेड फ्रॉस्ट को करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा. आख़िर में ट्रेजरी सेक्रेटरी बेसेंट इंटरव्यू में लौटे, लेकिन वे कुछ परेशान और असहज लग रहे थे. जब उनसे पूछा गया कि राष्ट्रपति ट्रंप कैसे हैं और क्या वे तनाव में हैं, तो बेसेंट ने कहा कि राष्ट्रपति बहुत अच्छे मूड में हैं और ईरान मिशन तय समय से आगे बढ़ रहा है.
यह भी पढ़ें: इराक में क्रैश अमेरिकी टैंकर विमान में 4 क्रू मेंबर्स की मौत, 2 की तलाश जारी
उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप और पेंटागन प्रमुख पीट हेगसेथ की भी तारीफ की. बेसेंट ने बताया कि उनका बेटा सेना में जाने का विचार कर रहा है और वे अपने बच्चे की जिंदगी उनके भरोसे में सौंपने को तैयार हैं. हालांकि, बेसेंट की आवाज पूरे जवाब के दौरान बदलती हुई सुनाई देती है और वे ईरान की स्थिति को लेकर ज्यादा विस्तार से कुछ बताने से बचते नजर आए.
यह साफ था कि बेसेंट के मन में कुछ चिंता या दबाव था, जो उनकी बातचीत में झलक रहा था. राष्ट्रपति के संसाधनों और मिशनों को लेकर उनके आंतरिक अनुभवों ने इस इंटरव्यू को सामान्य से अलग बना दिया.
aajtak.in