अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की सरकार के सामने आने वाले दिनों में दो बड़ी चुनौतियां हैं. एक तरफ अगले महीने होने वाले मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की पकड़ बनाए रखने की परीक्षा होगी, तो दूसरी तरफ महंगाई और ईरान युद्ध को लेकर ट्रंप की लोकप्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं. इसी बीच ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया कंपनी ट्रुथ सोशल की कम्युनिकेशन सलाहकार केटी जकारिया को व्हाइट हाउस की नई प्रेस सेक्रेटरी नियुक्त किया है. अब उनकी जिम्मेदारी राष्ट्रपति के संदेश को अमेरिकी मीडिया और जनता तक पहुंचाने की होगी.
ट्रंप ने शुक्रवार को ट्रुथ सोशल पर इस नियुक्ति का ऐलान किया. उन्होंने केटी की तारीफ करते हुए कहा कि उनका रिकॉर्ड बेदाग रहा है और वह उनकी वफादार समर्थक रही हैं. ट्रंप ने भरोसा जताया कि वह मीडिया, अमेरिकी जनता और उनके प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम करेंगी. यह पद अगस्त में कैरोलिन लेविट के जाने के बाद खाली था.
केटी ऐसे समय में यह जिम्मेदारी संभालेंगी, जब अमेरिका में अगले महीने मिडटर्म चुनाव होने हैं. इन चुनावों से तय होगा कि रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस में अपना नियंत्रण बनाए रख पाती है या नहीं. यह चुनाव ट्रंप की नीतियों और उनके नेतृत्व को लेकर जनता के रुख का भी संकेत देंगे.
बीते दिनों महंगाई और ईरान युद्ध से निपटने के उनके तरीके को लेकर उनकी अपनी पार्टी के कुछ नेताओं में भी नाराजगी सामने आई है. ऐसे में व्हाइट हाउस की ओर से मीडिया से संवाद और सरकार का पक्ष रखना और अहम हो गया है.
ट्रुथ सोशल से व्हाइट हाउस तक का सफर
जकारिया जून से ट्रुथ सोशल और उसकी मूल कंपनी ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप में वरिष्ठ कम्युनिकेशन सलाहकार के तौर पर काम कर रही थीं. इससे पहले वह अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग में कुछ समय तक प्रवक्ता भी रही थीं.उन्होंने मार्च में यह पद छोड़ दिया था. वह पेशे से वकील हैं और फॉक्स न्यूज और न्यूजमैक्स जैसे रूढ़िवादी विचारों वाले अमेरिकी न्यूज चैनलों पर अक्सर दिखाई देती हैं.
यह भी पढ़ें: व्हाइट हाउस में AI का महाजमावड़ा, मस्क से सुंदर पिचाई तक पहुंचे दिग्गज, ट्रंप के साथ क्या होने वाला है?
वह कैलिफोर्निया के रूढ़िवादी संगठन फिक्स कैलिफोर्निया की कानूनी सलाहकार भी रह चुकी हैं. इसके अलावा, पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के कार्यकाल में उन्होंने व्हाइट हाउस में इंटर्नशिप की थी.
अब ट्रंप का संदेश पहुंचाने का जिम्मा
केटी ने नियुक्ति के बाद कहा कि वह व्हाइट हाउस के प्रेस कॉर्प्स और देशभर के पत्रकारों के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं. उनका कहना है कि वह ट्रंप का संदेश लोगों तक पहुंचाने के लिए काम करेंगी. उनकी नियुक्ति सिर्फ एक प्रशासनिक बदलाव नहीं है.
ट्रंप के राजनीतिक अभियान, सोशल मीडिया और सरकारी संवाद के बीच उनके पुराने जुड़ाव को देखते हुए उनकी भूमिका पर नजर रहेगी. अब देखना होगा कि वह मीडिया के सवालों और ट्रंप सरकार के पक्ष को किस तरह संभालती हैं, खासकर तब जब चुनाव करीब हैं और राष्ट्रपति की लोकप्रियता पर दबाव बना हुआ है.
aajtak.in