कनाडा के सबसे बड़े शहर टोरंटो में जंगलों की आग के धुएं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. नॉर्थवेस्टर्न ओंटारियो में लगी वाइल्डफायर से उठ रहा धुआं दक्षिणी ओंटारियो तक पहुंच गया है, जिसके कारण शहर की हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो गई है. एनवायरनमेंट कनाडा ने टोरंटो के लिए एयर क्वालिटी वॉर्निंग को बढ़ाकर ऑरेंज लेवल कर दिया है.
धुएं में मौजूद सूक्ष्म प्रदूषण कणों (पार्टिकुलेट मैटर) की वजह से टोरंटो बुधवार को दुनिया के सबसे प्रदूषित बड़े शहरों की सूची में शामिल हो गया. स्विस एयर क्वालिटी टेक्नोलॉजी कंपनी IQAir के मुताबिक, बुधवार सुबह टोरंटो की हवा की गुणवत्ता दुनिया के बड़े शहरों में सबसे खराब स्तर पर पहुंच गई थी. बाद में टोरंटो दूसरे और फिर तीसरे स्थान पर आ गया, जबकि डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो की राजधानी किंशासा पहले नंबर पर रही.
एनवायरनमेंट कनाडा के मौसम वैज्ञानिक ब्रायन ओवसिएक ने बताया कि जंगलों की आग से निकले धुएं के कारण हवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हवा की दिशा बदलने के बाद धुआं धीरे-धीरे कम हो सकता है. हालांकि, फिलहाल खराब एयर क्वालिटी की स्थिति शुक्रवार सुबह तक बनी रहने की संभावना है.
लोगों को घर में रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और अपनी आउटडोर गतिविधियों को टाल दें. विशेषज्ञों के अनुसार, जंगलों की आग के धुएं का असर हर किसी पर पड़ सकता है, लेकिन बुजुर्गों, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं, सांस संबंधी बीमारी वाले लोगों और बाहर काम करने वालों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है.
यॉर्क यूनिवर्सिटी के वाइल्डफायर विशेषज्ञ एरिक कैनेडी ने कहा कि कनाडा में आग के मौसम के दौरान धुआं फैलना आम बात है, लेकिन हवा में मौजूद प्रदूषक कण स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं. उन्होंने बाहर निकलने पर मास्क पहनने की सलाह दी.
कई आउटडोर कार्यक्रम रद्द
खराब हवा की स्थिति को देखते हुए टोरंटो में कई बाहरी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं. फीफा फैन फेस्टिवल, नाथन फिलिप्स स्क्वायर और यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो में अर्जेंटीना-इंग्लैंड मैच की वॉच पार्टियां भी एयर क्वालिटी अलर्ट के चलते रद्द कर दी गईं.
टोरंटो प्रशासन ने शहर के सभी आउटडोर स्विमिंग पूल भी बंद कर दिए हैं. वहीं, इनडोर मनोरंजन केंद्र खुले रहेंगे. इसके अलावा बच्चों के आउटडोर कैंप और कई बाहरी गतिविधियां भी रोक दी गई हैं.
शहर ने खोले क्लीन एयर स्पेस
टोरंटो की मेयर ओलिविया चाउ ने बताया कि लोगों को राहत देने के लिए शहर में कई क्लीनर एयर स्पेस खोले गए हैं. इनमें सिटी हॉल और मेट्रो हॉल जैसी जगहें शामिल हैं. इसके अलावा गर्मी और धुएं से बचाव के लिए 500 से ज्यादा कूलिंग स्पेस भी उपलब्ध कराए गए हैं.
हीटवेव के बाद अब धुएं की मार
टोरंटो में यह चेतावनी तीन दिन चली भीषण गर्मी के बाद आई है. मंगलवार को शहर का तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. ह्यूमिडिटी के कारण लोगों को तापमान 40 डिग्री से ज्यादा महसूस हुआ.
हालांकि बुधवार को हीट वॉर्निंग खत्म कर दी गई, लेकिन गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है. पर्यावरण कनाडा के मुताबिक, इस साल टोरंटो में 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान वाला यह 13वां दिन है, जबकि सामान्य तौर पर जुलाई के मध्य तक ऐसे करीब सात दिन ही दर्ज किए जाते हैं.
हुमरा असद