'शैतान अब नहीं रहा...', अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत से गदगद दिखे ईरान के पूर्व प्रिंस रजा पहलवी

अमेरिका में रह रहे निर्वासित पूर्व शाही वारिस रेजा पहलवी ने सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक अपनी अंतिम सांसें गिन रही है. उन्होंने अधिकारियों से आत्मसमर्पण और सेना-सुरक्षा बलों से जनता का साथ देने की अपील की. पहलवी ने ईरानियों से सड़कों पर उतरने, विरोध तेज करने और विदेशों में समर्थकों से अभियान मजबूत करने को कहा, साथ ही दावा किया कि शासन का पतन निकट है.

Advertisement
खामेनेई की मौत के बाद रेजा पहलवी ने खुशी जाहिर की. (Photo: ITG) खामेनेई की मौत के बाद रेजा पहलवी ने खुशी जाहिर की. (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 01 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:50 PM IST

ईरान के निर्वासन में रह रहे पूर्व शाही वारिस रेजा पहलवी अपने परिवार के साथ अमेरिका में रहते हैं. पूरा पहलवी परिवार लंबे समय से ईरान में राजनीतिक बदलाव के समर्थन में जनता से सड़कों पर उतरने की अपील करता रहा है और वॉशिंगटन से भी खामेनेई शासन के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग करता आया है. ऐसे में सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद यह सवाल तेज हो गया है कि क्या अब रजा पहलवी ईरान वापसी की कोशिश करेंगे. प्रिंस रजा पहलवी ने ईरान के लोगों को X पर एक मैसेज दिया. उन्होंने कहा, मेरे हमवतन साथियों हमारे समय का शैतान अयातुल्लाह अली खामेनेई जिसने कुछ ही सप्ताह पहले ईरान के हजारों बेहतरीन बेटों और बेटियों के नरसंहार का आदेश दिया था, अब नहीं रहा.

Advertisement

इस्लामिक रिपब्लिक आखिरी सांसें गिन रही
पूर्व प्रिंस रजा पहलवी ने लिखा, उनकी शर्मनाक मौत और उनके कई नियुक्त सहयोगियों के अंत के साथ ही इस्लामिक रिपब्लिक अपनी आखिरी सांसें गिन रही है. आपकी इच्छाशक्ति और बहादुरी से यह जल्द ही इतिहास के कूड़ेदान में फेंक दी जाएगी. ईरान की महान जनता इस्लामिक रिपब्लिक के पूर्ण पतन की मांग करती है, और हम इस दानवी शासन को गिराकर रहेंगे.

'ईरानी राष्ट्र के सामने आत्मसमर्पण करो'
उन्होंने कहा, इस आतंक के गणराज्य के बचे हुए अधिकारियों से मेरा संदेश है, ईरानी राष्ट्र के सामने आत्मसमर्पण करो. मेरी योजना और हमारे ट्रांजिशन फ्रेमवर्क के प्रति अपनी निष्ठा घोषित करो और बिना और खून-खराबे के सत्ता सौंप दो. खामेनेई के लिए किसी उत्तराधिकारी को नियुक्त करने की शासन की कोई भी कोशिश पहले से ही विफल होने के लिए अभिशप्त है. जिसे भी वे उसकी जगह बैठाएंगे, उसके पास न वैधता होगी और न ही वह इस शासन के अपराधों से अलग माना जाएगा.

Advertisement

'हथियार का इस्तेमाल राष्ट्र की रक्षा के लिए करो'
प्रिंस रजा ने कहा, मैं सेना, कानून प्रवर्तन और सुरक्षा बलों से कहता हूं, आपके हथियार महान ईरान राष्ट्र की रक्षा के लिए इस्तेमाल होने चाहिए, न कि अपराध और गुंडागर्दी के इस गणराज्य के लिए. ईरान की जनता और लायन एंड सन क्रांति का साथ दो. अपने हथियारों का उपयोग इस्लामिक रिपब्लिक के भाड़े के लोगों से ईरानियों की रक्षा के लिए करो, ताकि यह 47 साल का दुःस्वप्न जल्दी खत्म हो सके.

उन्होंने कहा, अपराधी खामेनेई की मौत, भले ही बहाए गए खून की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन शोक में डूबे पिता-माताओं, पति-पत्नी, बच्चों, बहनों और भाइयों के जख्मी दिलों को कुछ सुकून दे सकती है, और लायन एंड सन क्रांति के शहीदों के गर्वित परिवारों के लिए यह एक सांत्वना है.

'यह रास्ते का अंत नहीं है'
ईरान के सम्मानित और साहसी लोगों हमारे समय के इस तानाशाह की मौत भले ही हमारे महान राष्ट्रीय उत्सव की शुरुआत है, लेकिन यह रास्ते का अंत नहीं है. सतर्क रहो. तैयार रहो. सड़कों पर व्यापक और निर्णायक मौजूदगी का समय बहुत निकट है.

पूर्व प्रिंस रजा ने कहा, मैं आपसे आग्रह करता हूं कि अपनी सुरक्षा बनाए रखते हुए रात के नारों के जरिए इस्लामिक रिपब्लिक के पतन पर अपनी संतुष्टि और समर्थन जताएं और ईरान के भविष्य के लिए अपनी मांग बुलंद करें. मेरी ताकत आपकी ताकत और आपके समर्थन से आती है.

Advertisement

मैं विदेशों में रह रहे ईरानियों से  जो हफ्तों से देश के भीतर अपने हमवतन की मजबूत आवाज बने हुए हैं, अपील करता हूं कि अपने प्रयास और तेज करें. दुनिया को मजबूर करें कि वह ईरानी जनता के इस मानवीय हस्तक्षेप के समर्थन और शासन के पूर्ण पतन की मांग को सुने. आने वाले दिन बेहद संवेदनशील हैं. हम साथ मिलकर जीत के रास्ते पर चलेंगे और इस्लामिक रिपब्लिक को उखाड़ फेंकेंगे. उन्होंने अंत में लिखा, ईरान जिंदाबाद. बता दें कि अमेरिका, इजरायल की संयुक्त कार्रवाई में सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement