ईरान-अमेरिका में तनातनी भले ही अभी थम गई हो, लेकिन स्ट्रेट ऑफ होर्मुज अभी भी धधक रहा है. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि कि होर्मुज में एक और विशाल तेल टैंकर में समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के बाद विस्फोट हो गया. इस धमाके से कुछ घंटे पहले भी एक दूसरे टैंकर में ब्लास्ट हुआ था.
ईरानी नेवी ने कहा कि विशाल टैंकर में यह विस्फोट शनिवार सुबह हुआ, जिससे जहाज में भीषण आग लग गई. इस टैंकर में 20 लाख बैरल से अधिक कच्चा तेल लदा हुआ था.
तेल टैंकर ने अपने GPS और रडार सिस्टम बंद कर दिए थे. वह 'अवैध' मार्ग से होर्मुज को पार करने की कोशिश कर रहा था. अचानक जहाज के इंजन कक्ष में विस्फोट हुआ, जिसके कारण टैंकर रुक गया.
इससे पहले शनिवार को IRGC ने कहा था कि होर्मुज से 'अवैध' मार्ग के जरिए गुजरने की कोशिश कर रहे एक अन्य तेल टैंकर में भी समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के बाद भीषण विस्फोट हुआ था.
बता दें कि अमेरिका-इजरायल के खिलाफ जंग शुरू होने के बाद ईरान ने 28 फरवरी से होर्मुज पर अपनी पकड़ मजबूत कर दी है. ईरान ने उन जहाजों को सुरक्षित मार्ग देने पर रोक लगा दी है, जो इज़राइल और अमेरिका के स्वामित्व में हैं या उनसे जुड़े हुए हैं. यह कदम ईरानी क्षेत्र पर दोनों देशों के संयुक्त हमलों के बाद उठाया गया.
इसी बीच, यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने शनिवार को दो अलग-अलग बयान जारी किए. इनमें कहा गया कि सऊदी अरब के अल जुबैल के पास समुद्री क्षेत्र में दो तेल टैंकरों पर हमले किए जाने की खबर मिली.
इनमें से एक टैंकर पर किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ, जबकि दूसरे पर रॉकेट से अटैक किया गया. दोनों जहाजों के चालक दल के सभी सदस्यों का पता लगा लिया गया है. वे सभी सुरक्षित हैं.
aajtak.in