रूस ने रात के अंधेरे में यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया. सैकड़ों ड्रोन और दर्जनों मिसाइलें दागीं, जिसमें 11 लोग मारे गए और 1000 साल पुराना एक मशहूर चर्च भी जल गया. 15 जून की रात रूस ने यूक्रेन के दो सबसे बड़े शहरों - राजधानी कीव और दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव पर एक साथ हमला किया. ये हमला रात को हुआ जब लोग सो रहे थे.
रूस ने एक साथ 70 मिसाइलें और 611 ड्रोन दागे. यानी कुल मिलाकर 681 हथियार एक ही रात में. यूक्रेन की सेना ने इनमें से 632 को हवा में ही मार गिराया. यानी 50 मिसाइलें और 582 ड्रोन रोके गए. लेकिन फिर भी 20 बैलिस्टिक मिसाइलें और 27 ड्रोन यूक्रेन के 42 अलग-अलग जगहों पर जा गिरे.
कितना नुकसान हुआ?
11 आम लोग और इमरजेंसी वर्कर मारे गए. 53 लोग घायल हुए. कीव में अकेले 5 लोगों की मौत हुई और 30 से ज्यादा घायल हुए - जिनमें 5 और 6 साल के दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं.
कीव में क्या-क्या तबाह हुआ?
कीव के शेवचेनकिव्स्की इलाके में 30 मिनट से भी कम समय में 5 बार हमले हुए. एक 25 मंजिला अपार्टमेंट बिल्डिंग पर हमला हुआ. एक बाजार और एक किराने की दुकान में आग लग गई. ओबोलोंस्की इलाके में 9 मंजिला रिहायशी इमारत सीधे निशाने पर आई. आसमान में काले धुएं के बादल छा गए. कीव में जोरदार धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं और लोग अंडरग्राउंड शेल्टर में छुपते रहे.
सबसे बड़ा नुकसान - 1000 साल पुराना चर्च जला
इस हमले में कीव का सबसे मशहूर धार्मिक स्थल कीव-पेचेर्स्क लावरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. ये एक 11वीं सदी का मठ है यानी करीब 1000 साल पुराना. इसे 'मोनेस्ट्री ऑफ द केव्स' यानी गुफाओं का मठ भी कहते हैं. यूनेस्को ने इसे वर्ल्ड हेरिटेज साइट घोषित किया हुआ है. इस परिसर में कई चर्च और इमारतें हैं जो 11वीं से 19वीं सदी के बीच बनी हैं. इनके नीचे 600 मीटर से भी लंबी गुफाओं का एक पूरा जाल है. रूसी ड्रोन ने इसके डॉर्मिशन कैथेड्रल की छत में आग लगा दी.
यह भी पढ़ें: 'खत्म करो यूक्रेन युद्ध, ईरान से डील जल्द...', पुतिन से 55 मिनट की बातचीत में बोले ट्रंप
यूक्रेन के ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रमुख मेट्रोपॉलिटन एपिफेनियस ने इसे 'इंसानियत, इतिहास और ईसाई धर्म के खिलाफ अपराध' बताया. यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की खुद सोमवार सुबह इस जगह पहुंचे. उनके साथ प्रधानमंत्री और सरकार के दूसरे मंत्री भी थे. जेलेंस्की ने कहा - दो रूसी ड्रोन ने यह नुकसान किया और यह 'ईसाई संस्कृति के खिलाफ रूस का अब तक का सबसे बड़ा अपराध' है.
रूस ने क्या कहा?
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उन्होंने सिर्फ यूक्रेन के हथियार बनाने वाले कारखानों पर हमला किया. उन्होंने कहा कि कीव में ड्रोन बनाने वाली एक फैक्ट्री, रडार प्लांट और मिसाइल बनाने वाला मयाक प्लांट निशाने पर थे. साथ ही सैनिक भर्ती दफ्तरों को भी निशाना बनाया गया. चर्च को हुए नुकसान पर रूस ने कहा कि यह यूक्रेन की अपनी अमेरिकी पैट्रियट मिसाइल से हुआ जो रास्ता भटक गई - लेकिन इसका कोई सबूत नहीं दिया गया.
यह हमला ऐसे वक्त पर क्यों अहम है?
इस हमले से एक दिन पहले यानी रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अलग-अलग यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति पुतिन दोनों से फोन पर बात की थी. यानी जब अमेरिका शांति की कोशिश कर रहा था, रूस ने अगली ही रात यह बड़ा हमला कर दिया.
मंगलवार को फ्रांस में G7 देशों की बड़ी बैठक होने वाली है जिसमें जेलेंस्की और ट्रंप दोनों शामिल होंगे. यूक्रेन चाहता है कि दुनिया का ध्यान उस पर बना रहे क्योंकि ईरान में चल रहे युद्ध की वजह से यूक्रेन की मुश्किलें पीछे छूटती जा रही हैं.
दुनिया ने क्या कहा?
जेलेंस्की ने G7 देशों से मांग की है कि वे रूस पर और दबाव बनाएं और यूक्रेन की एयर डिफेंस को और मजबूत करने में मदद करें खासकर बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने की क्षमता. फ्रांस के विदेश मंत्री ने चर्च पर हुए हमले की तुलना पेरिस के नोट्रे डेम कैथेड्रल पर बमबारी जैसी की. फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा कि इस हमले ने यूक्रेन के साथियों का इरादा और मजबूत किया है. उन्होंने कहा, 'जिस तरह रूस का यूक्रेन पर चार साल से ज्यादा से जारी आक्रमण गलत है, उसी तरह हमारी साझा विरासत पर यह हमला भी गलत है.'
aajtak.in