अमेरिका के रक्षा विभाग पेंटागन में बड़े सैन्य अधिकारियों को हटाने का सिलसिला जारी है. अब लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया को उनके पद से हटा दिया गया है. वह अमेरिकी सेना की रणनीति और योजना बनाने वाले अहम विभाग के प्रमुख थे. उन्हें इसी हफ्ते जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ से हटाया गया. हालांकि, ट्रंप प्रशासन ने इस फैसले की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है.
यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ युद्ध फिर से शुरू करने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं. ऐसे में अमेरिकी सेना की रणनीति तैयार करने वाले एक बड़े अधिकारी को हटाने से कई सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल यह भी साफ नहीं है कि सिल्विया की जगह किस अधिकारी को जिम्मेदारी दी जाएगी.
सेना की रणनीति बनाने में अहम भूमिका
ब्रेट सिल्विया जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के जे-5 निदेशालय की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. यह विभाग अमेरिकी सेना की रणनीति और भविष्य की सैन्य योजनाएं तैयार करने में अहम भूमिका निभाता है. यह सेना के ऑपरेशन, रक्षा नीति और व्हाइट हाउस के फैसलों के बीच तालमेल बनाने का काम भी करता है.
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट से ट्रंप प्रशासन को बड़ा झटका, ट्रांसजेंडर कैदियों के हेल्थकेयर बैन पर रोक बरकरार
इस विभाग की मदद से सैन्य अधिकारियों की योजनाओं को रक्षा विभाग की नीतियों और राष्ट्रपति के फैसलों से जोड़ा जाता है. इसलिए इसके प्रमुख का पद काफी अहम माना जाता है. ऐसे समय में जब अमेरिका ईरान को लेकर आगे की रणनीति पर विचार कर रहा है, सिल्विया को हटाने का फैसला चर्चा में है.
एक साल में दूसरे जे-5 प्रमुख को हटाया गया
सिल्विया इस पद से हटाए जाने वाले पहले अधिकारी नहीं हैं. उनसे पहले लेफ्टिनेंट जनरल जोसेफ मैक्गी भी इस पद से हटाए गए थे. उन्हें रिटायर होने के लिए भी कहा गया था. अब सिल्विया को हटाए जाने के बाद एक साल के अंदर इस विभाग के दूसरे प्रमुख को पद छोड़ना पड़ा है. सिल्विया के उत्तराधिकारी के नाम का ऐलान अभी नहीं हुआ है. ऐसे में यह साफ नहीं है कि विभाग की रणनीति और योजना बनाने की जिम्मेदारी अब किसे सौंपी जाएगी.
जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के एक पूर्व अधिकारी ने सिल्विया को हटाए जाने के समय पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि यह ऐसा समय नहीं है, जब आप जे-5 को खोना चाहेंगे. उनके इस बयान से साफ है कि सेना की रणनीति तैयार करने वाले विभाग के प्रमुख को हटाने के समय को लेकर चिंता है. हालांकि, यह साफ नहीं है कि सिल्विया को हटाने के पीछे कोई खास सैन्य या नीतिगत वजह थी या नहीं.
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने नई प्रेस सेक्रेटरी केटी जकारिया की 4 दिन में ही कर दी व्हाइट हाउस से छुट्टी, एग्जाम पास न करने पर उठे सवाल
रक्षा मंत्री हेगसेथ के कार्यकाल में जारी है बदलाव
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के पेंटागन की जिम्मेदारी संभालने के बाद से कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी पद छोड़ चुके हैं. सिल्विया को हटाया जाना इसी सिलसिले की एक और कड़ी है. फिलहाल ट्रंप प्रशासन ने उनके हटाए जाने पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया है.
aajtak.in