अगर आप ट्रैवल व्लॉगर हैं, सोशल मीडिया पर टूरिस्ट प्लेस को एक्सप्लोर करने वाले वीडियो बनाते हैं या ट्रेवल इनफ्लुएंसर हैं तो ये खबर आपके लिए ही है. नेपाल सरकार नेपाल सरकार भारतीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, व्लॉगर्स और पॉडकास्टर्स को अपने देश की सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए एक खास पहल करने जा रही है. नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास ने ‘फैमिलराइजेशन ट्रिप टू नेपाल’ कार्यक्रम के लिए आवेदन मांगे हैं.
इस कार्यक्रम के तहत भारत के पांच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स या डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को नेपाल यात्रा पर ले जाया जाएगा, जहां वे नेपाल की खूबसूरती, आध्यात्मिक स्थलों, सांस्कृतिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों का अनुभव करेंगे और उससे जुड़ा डिजिटल कंटेंट तैयार करेंगे.
नेपाली दूतावास ने जारी किया विज्ञापन
नेपाली दूतावास की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस पहल का उद्देश्य भारतीय पर्यटकों के बीच नेपाल को एक नजदीकी, सुरक्षित और स्वागत योग्य पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देना है. इसके जरिए नेपाल के पहाड़, झीलें, मंदिर, स्तूप, त्योहार, स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक खानपान को भारतीय दर्शकों तक पहुंचाने की योजना है. खास तौर पर नेपाल के आध्यात्मिक और धार्मिक पर्यटन स्थलों को प्रमुखता से प्रचारित किया जाएगा.
दूतावास के मुताबिक चुने गए प्रतिभागियों को नेपाल यात्रा के दौरान वीडियो, रील्स, शॉर्ट्स, स्टोरीज, पॉडकास्ट और सोशल मीडिया पोस्ट तैयार करने होंगे. इन कंटेंट्स में नेपाल के प्राकृतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आकर्षणों को दिखाने के साथ-साथ भारतीय पर्यटकों के लिए उपयोगी यात्रा संबंधी जानकारी भी साझा करनी होगी.
प्रतिभागियों से कम से कम एक ऐसा अनुभव साझा करने को भी कहा गया है, जिससे भारतीय पर्यटक नेपाल घूमने के लिए प्रेरित हों. दूतावास और उससे जुड़े संस्थान चयनित कंटेंट को उचित क्रेडिट के साथ अपने प्लेटफॉर्म्स पर भी साझा कर सकते हैं.
क्या हैं योग्यताएं?
इस कार्यक्रम के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का भारतीय नागरिक होना या भारत में आधारित डिजिटल कंटेंट क्रिएटर होना जरूरी है. आवेदकों की यूट्यूब, इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स या अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय मौजूदगी होनी चाहिए. साथ ही वे ट्रैवल, संस्कृति, अध्यात्म, लाइफस्टाइल, एडवेंचर, वेलनेस, फूड, हेरिटेज या पर्यटन से जुड़े विषयों पर कंटेंट बनाते हों. दूतावास ने यह भी कहा है कि आवेदकों की ऑडियंस मजबूत और एक्टिव होनी चाहिए और वे हाई क्वालिटी वीडियो, व्लॉग या सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने में सक्षम हों.
चयन प्रक्रिया में कंटेंट की गुणवत्ता, ऑडियंस रीच, एंगेजमेंट, स्टोरीटेलिंग क्षमता, रचनात्मकता और पेशेवर छवि को आधार बनाया जाएगा. हिंदी, अंग्रेजी या भारतीय क्षेत्रीय भाषाओं में प्रभावी संवाद करने वाले क्रिएटर्स को प्राथमिकता दी जा सकती है.
आवेदन करने वाले प्रतिभागियों को अपना नाम, राष्ट्रीयता, संपर्क विवरण, सोशल मीडिया लिंक, फॉलोअर्स और व्यूज की जानकारी, पुराने ट्रैवल या पर्यटन से जुड़े कार्यों के सैंपल, नेपाल यात्रा में रुचि का संक्षिप्त विवरण और नेपाल को भारतीय दर्शकों के बीच प्रमोट करने के लिए अपने कंटेंट आइडियाज भेजने होंगे.
इच्छुक उम्मीदवारों को 30 मई 2026 तक अपने एप्लीकेशन नेपाली दूतावास की ईमेल आईडी eonnewdelhi@mofa.gov.np पर भेजनी होंगी. इसके साथ econepemb@gmail.com पर सीसी करना भी जरूरी होगा. आवेदन का विषय “Application for Nepal Familiarization Trip for Influencers” रखना होगा.
दूतावास ने कहा है कि यात्रा की तारीख, कार्यक्रम और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी केवल चयनित प्रतिभागियों को दी जाएगी. साथ ही दूतावास ने यह अधिकार भी सुरक्षित रखा है कि वह कार्यक्रम की जरूरत और आवेदकों की उपयुक्तता के आधार पर किसी भी आवेदन को स्वीकार या अस्वीकार कर सकता है.
aajtak.in