ईरान ने अपने बंदरगाहों पर की गई अमेरिकी नाकाबंदी की धज्जियां उड़ा दी हैं. इसी हफ्ते अमेरिका ने नाकाबंदी लागू की थी और अब खबर है कि ईरानी कच्चे तेल से लदे तीन टैंकरों ने होर्मुज पार कर लिया है. ये तीन तेल टैंकर होर्मुज पार कर खाड़ी से बाहर निकल गए हैं.
जहाज ट्रैकिंग फर्म केप्लर ने शुक्रवार को एएफपी को बताया कि इन जहाजों में कुल 50 लाख बैरल कच्चा तेल है. होर्मुज पारकर खाड़ी से निकलने वाले तीन ईरानी तेल टैंकरों के नाम डीप सी, सोनिया I और डियोना हैं. बड़ी बात ये है कि ये तीनों ही तेल टैंकर अमेरिकी प्रतिबंधों के दायरे में हैं.
समुद्री डेटा कंपनी के मुताबिक, ये जहाज ईरान के खार्ग द्वीप से रवाना हुए थे और बुधवार को होर्मुज पार कर गए. इन जहाजों पर क्रमशः 2, 8 और 9 अप्रैल को तेल लादा गया था.
यूएई का तेल लेकर पाकिस्तानी झंडे वाला टैंकर भी होर्मुज से निकला
पाकिस्तानी झंडे वाला टैंकर शालामार भी यूएई से कच्चा तेल लेकर होर्मुज स्ट्रेट पार कर खाड़ी से बाहर निकल गया है. केप्लर और LSEG के शिपिंग डेटा के अनुसार, अफ्रामैक्स का यह टैंकर गुरुवार को लगभग 4.4 लाख बैरल अबू धाबी से दास ब्लेंड क्रूड के साथ होर्मुज स्ट्रेट से बाहर निकला.
डेटा के मुताबिक, यह जहाज 19 अप्रैल को अपना माल उतारने के लिए कराची बंदरगाह पहुंचने वाला है.
शालामार उन दो पाकिस्तानी टैंकरों में शामिल था, जो रविवार को कच्चा तेल और तेल उत्पाद लोड करने के लिए होर्मुज में दाखिल हुए थे. पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री ने बुधवार को कहा था कि शालामार ने ADNOC टर्मिनल से यूएई का कच्चा तेल लोड किया है.
ईरानी बंदरगाहों पर नाकाबंदी से जहाजों की आवाजाही धीमी
इस सप्ताह ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकाबंदी के कारण स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही धीमी रही. अमेरिकी नौसेना ने गुरुवार को जारी एक एडाइजरी में कहा कि नाकाबंदी का दायरा बढ़ाकर उन मालवाहक जहाजों तक कर दिया गया है, जिनके माल को प्रतिबंधित माना जाएगा.
साथ ही, ईरानी क्षेत्र तक पहुंचने की कोशिश करने वाले किसी भी जहाज को 'जांच और तलाशी' के अधिकार के तहत रोका जा सकता है.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक्स पर कहा कि 72 घंटे के प्रवर्तन के बाद अमेरिकी बलों के निर्देश पर 14 जहाज नाकाबंदी का पालन करते हुए वापस मुड़ गए.
आजतक इंटरनेशनल डेस्क