ब्रिटेन में एक वैन के भीतर मिले शव ने पुलिस को एक सनसनीखेज हत्या की जांच तक पहुंचा दिया है. वेस्ट लंदन के हाउंस्लो की रहने वाली 39 वर्षीय भारतीय मूल की महिला हरिंदर कौर पर एक व्यक्ति की हत्या का आरोप लगाया गया है. इसके साथ ही उस पर न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने यानी सबूतों या जांच को भटकाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है.
जानकारी के अनुसार, यह मामला लीसेस्टर शहर के गार्डन स्ट्रीट इलाके से जुड़ा है. वहां 27 मई की शाम करीब 5:30 बजे एक वैन के पीछे एक व्यक्ति का शव मिला था. इसके बाद स्थानीय पुलिस और जांच एजेंसियों ने व्यापक जांच शुरू की, जिसने बाद में मामला लंदन तक पहुंचा दिया. जिस वैन में शव मिला वह लंदन के एक पते पर रजिस्टर्ड थी. इसी कड़ी में जांच आगे बढ़ी.
पुलिस के मुताबिक, वेस्ट लंदन के हाउंस्लो इलाके में रहने वाली हरिंदर कौर को गिरफ्तार किया गया. उस पर हत्या और न्याय की प्रक्रिया को बिगाड़ने के आरोप लगाए गए. मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने अपने बयान में कहा कि आरोप उस व्यक्ति की मौत से जुड़े हैं, जिसका शव बुधवार, 27 मई को लीसेस्टर के गार्डन स्ट्रीट क्षेत्र में खड़ी वैन के अंदर मिला था. पुलिस ने मामला गंभीरता से लिया.
जांच एजेंसियों के अनुसार, मृतक की पहचान स्थापित करने और उसके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस अभी भी मृतक की पृष्ठभूमि और उसकी मौत के हालात को लेकर कई पहलुओं की जांच कर रही है. इस मामले में एक महत्वपूर्ण सुराग वैन का रजिस्ट्रेशन साबित हुआ. जांच के दौरान पता चला कि सफेद रंग की कार का रजिस्ट्रेशन नंबर BF18 VNV है.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास डोरबेल कैमरा या डैशकैम फुटेज हो, जिसमें यह वैन दिखाई देती हो, तो वह जांच एजेंसियों से संपर्क करे. इससे पहले लीसेस्टरशायर पुलिस ने बताया था कि उन्हें एक आम नागरिक की ओर से सूचना मिली थी, जिसने कार पार्क में खड़ी वैन की स्थिति को लेकर चिंता जताई थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची.
जब अधिकारियों ने वैन को खोला और अंदर प्रवेश किया तो उन्हें एक व्यक्ति का शव मिला. इसके बाद मामले की जांच ईस्ट मिडलैंड्स स्पेशल ऑपरेशंस यूनिट को सौंपी गई. लीसेस्टरशायर पुलिस के अधिकारी भी इस जांच में सहयोग कर रहे थे. जांच के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनके बाद पुलिस की टीम वेस्ट लंदन के हाउंस्लो पहुंची. वहां स्थित एक प्रॉपर्टी की तलाशी ली गई.
इसके बाद मामले का दायरा बढ़ गया और जांच की प्राथमिक जिम्मेदारी मेट्रोपॉलिटन पुलिस को सौंप दी गई. पुलिस का मानना है कि मामले के कुछ अहम सुराग लंदन से जुड़े हो सकते हैं. पुलिस ने बताया कि वैन के रजिस्टर्ड कीपर की पहचान होने के बाद जांच तेज हुई. इस क्रम में आगे की पूछताछ के आधार पर हरिंदर कौर को हत्या के संदेह में गिरफ्तार किया गया.
इसके बाद में पर्याप्त आधार मिलने पर उसके खिलाफ औपचारिक आरोप तय किए गए. अब हरिंदर कौर को इस सप्ताह लीसेस्टर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां मामले की अगली कानूनी प्रक्रिया शुरू होगी. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मृतक और आरोपी महिला के बीच क्या संबंध थे और घटना के पीछे की परिस्थितियां क्या थीं.
aajtak.in