डूबते जहाज से 14 भारतीयों का रेस्क्यू, दूसरे शिप पर एक भारतीय नागरिक की मौत

ओमान के तट के पास इंजन फेल होने के बाद एक भारतीय क्रू वाला जहाज संकट में फंस गया. सभी 14 भारतीयों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. वहीं एक अन्य जहाज पर मेडिकल कंडीशन की वजह से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है.

Advertisement
इंजन फेल होने से जहाज डूब गया. (Photo- सांकेतिक तस्वीर) इंजन फेल होने से जहाज डूब गया. (Photo- सांकेतिक तस्वीर)

आजतक इंटरनेशनल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 14 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:32 PM IST

ओमान के तट के पास समुद्र में एक बड़ा हादसा टल गया, जब इंजन फेल होने के बाद एक भारतीय क्रू वाला जहाज डूबने लगा. समय रहते शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी 14 भारतीय क्रू मेंबरों को सुरक्षित निकाल लिया गया. हालांकि इसी क्षेत्र से जुड़ी एक दूसरी घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है.

मस्कत स्थित भारतीय एंबेसी ने अमेरिकी नौसेना से मिली जानकारी के आधार पर कहा कि 14 जून को एमएसवी विराट-1 नाम के एक धौ (पारंपरिक मालवाहक जहाज) के डूबने की सूचना मिली थी. यह जहाज ओमान के रास अल हद्द से करीब 80 समुद्री मील दूर मौजूद था. जहाज पर कुल 14 भारतीय सवार थे.

Advertisement

यह भी पढ़ें: होर्मुज खुलेगा, ईरान को मिलेंगे 25 अरब डॉलर... जानें कैसी होगी US-ईरान की पीस डील

हालात की गंभीरता को देखते हुए भारतीय नौसेना के जहाजों को तुरंत घटनास्थल की तरफ रवाना किया गया. इस बीच अमेरिकी नौसेना के P-8 समुद्री निगरानी विमान ने मौके पर पहुंचकर एक लाइफ राफ्ट (बचाव नौका) गिराई और पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया.

जहाज पर मौजूद सभी 14 भारतीय क्रू मेंबर सुरक्षित रूप से लाइफ राफ्ट में सवार हो गए. पास से गुजर रहे एमवी जबल अली 9 नाम के जहाज ने भी बचाव अभियान में मदद की और क्रू की स्थिति पर लगातार जानकारी शेयर की. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, सभी भारतीय सुरक्षित हैं.

इस बीच मस्कत स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि भारतीय ध्वज वाला कॉमर्शियल जहाज विराट-1 इंजन फेल होने की वजह से समुद्र में फंस गया था. इंजन बंद होने के बाद जहाज को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया और आखिरकार क्रू को लाइफ राफ्ट में शिफ्ट होना पड़ा.

Advertisement

दूतावास ने कहा कि ओमान के अधिकारियों के कोऑर्डिनेशन में आसपास मौजूद जहाजों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया. सभी क्रू मेंबरों को सुरक्षित निकालने की कोशिश की गई और अभियान सफल रहा.

यह भी पढ़ें: क्या खत्म होगी ट्रंप की बेताबी? बर्थडे पर मिलेगा तोहफा या मलते रह जाएंगे हाथ

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब खाड़ी क्षेत्र में पहले से तनाव बढ़ा हुआ है. पिछले सप्ताह भी ओमान तट के आसपास कई जहाजों को लेकर सुरक्षा चिंताएं सामने आई थीं. उस दौरान भारतीय क्रू वाले तीन जहाज हमलों की चपेट में आए थे. उन घटनाओं में तीन नाविकों की मौत भी हुई थी.

इसी बीच एक अलग मामले में भारतीय नागरिक निशांत उर्थननाथन का निधन हो गया. भारतीय दूतावास के अनुसार उनकी मौत मेडिकल जटिलताओं के कारण हुई. उनका पार्थिव शरीर फिलहाल एमटी सेलेशियल नाम के जहाज पर डुक्म बंदरगाह में रखा गया है.

भारतीय दूतावास ने बताया कि वह लगातार शिप मैनेजमेंट कंपनी और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है. निशांत के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने की व्यवस्था की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »