जर्मनी की राजधानी बर्लिन में शनिवार को प्राइ़ड फेस्टिवल के दौरान एक वैन भीड़ में घुस गई,जिसमें एक महिला की मौत हो गई,जबकि 29 लोग घायल बताए जा रहे हैं. एजेंसी के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि वैन से लोगों को टक्कर मारने के बाद आरोपी ने धारदार हथियार से भी लोगों पर हमला किया.जर्मन अधिकारियों को आशंका है कि यह इस्लाम एक्सट्रिमिस्ट से जुड़ा आतंकी हमला हो सकता है.घटना के बाद से संदिग्ध फरार है और पुलिस उसकी तलाश में बड़े स्तर पर अभियान चला रही है.
अधिकारियों ने संदिग्ध की पहचान लेबनानी मूल के जर्मन नागरिक अब्दुल बल्लौत के रूप में की है. पुलिस ने उसके खिलाफ वांटेड नोटिस जारी करते हुए लोगों को उससे दूर रहने की चेतावनी दी है.अधिकारियों का कहना है कि आरोपी हथियारबंद और खतरनाक हो सकता है.जर्मनी के गृह मंत्री अलेक्जेंडर डोब्रिंट ने कहा कि अब तक सामने आई जानकारी इस ओर इशारा करती है कि यह इस्लामिक आतंकी हमला हो सकता है.
गृह मंत्री के मुताबिक, संदिग्ध पहले भी कई अपराधों के कारण अधिकारियों के संज्ञान में आ चुका था.इसके अलावा कट्टरपंथ और बर्लिन के इस्लाम एक्सट्रिमिस्ट नेटवर्क से कथित जुड़ाव के कारण भी सुरक्षा एजेंसियों को उसके बारे में जानकारी थी.आरोपी का जन्म जर्मनी में हुआ था और उसे पहले एक मामले में दोषी भी ठहराया जा चुका है. उसे एक साल 10 महीने की सस्पेंडेड सजा सुनाई गई थी.
आरोपी की तलाश में पुलिस ने बर्लिन में कई जगहों पर अभियान चलाया. रविवार तड़के शहर के शॉनबर्ग इलाके में एक अपार्टमेंट की तलाशी भी ली गई, लेकिन वहां कोई नहीं मिला.
कैसे हुआ हमला?
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10 बजे एक सफेद वैन टियरगार्टन पार्क में घुसी और कई लोगों को टक्कर मारते हुए एक पेड़ से जा टकराई. उस समय पास ही ब्रांडेनबर्ग गेट पर प्राइड फेस्टिवल की क्लोजिंग पार्टी चल रही थी. इससे पहले करीब 80 ट्रकों के साथ परेड बर्लिन के अलग-अलग इलाकों से होकर गुजरी थी. हालांकि पुलिस ने साफ किया कि हमला प्राइड फेस्टिवल, उसके परेड रूट या क्लोजिंग पार्टी के अंदर नहीं हुआ.घटनास्थल फेस्टिवल से कुछ सौ मीटर की दूरी पर टियरगार्टन पार्क में था. जिस भीड़ को वैन ने टक्कर मारी,उसमें फेस्टिवल में शामिल लोग और दूसरे स्थानीय लोग या पर्यटक भी हो सकते हैं.
हमले में एक महिला की मौत हो गई. बर्लिन फायर सर्विस के मुताबिक, तीन लोगों को जानलेवा चोटें आई हैं, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना के तुरंत बाद रात करीब 10:15 बजे प्राइड कार्यक्रम बंद कर दिया गया.स्टेज पर चल रही बैंड की परफॉर्मेंस रोक दी गई और लोगों से घर लौटने तथा पार्क के रास्ते से बचने को कहा गया. बर्लिन का प्राइड फेस्टिवल यूरोप के सबसे बड़े LGBTQ आयोजनों में शामिल है और शनिवार को इसमें लाखों लोग शामिल हुए थे जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने आरोपी को पकड़ने का भरोसा दिलाते हुए लोगों से नहीं डरने की अपील की. उन्होंने कहा कि इस तरह के हमलों का मकसद समाज को बांटना और लोगों से उनकी स्वतंत्रता तथा खुलेपन को छीनना है.
प्राइड कार्यक्रमों की सुरक्षा की समीक्षा
हमले के बाद जर्मनी में होने वाले दूसरे बड़े आयोजनों और प्राइड कार्यक्रमों की सुरक्षा की समीक्षा की जा सकती है. अधिकारियों ने इस तरह की घटना की नकल कर दूसरे हमले किए जाने की आशंका को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया है. वहीं, पड़ोसी नीदरलैंड के एम्स्टर्डम में चल रहे वर्ल्ड प्राइड को देखते हुए वहां के अधिकारी भी सुरक्षा स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं.
aajtak.in