अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को लगे झटके के बाद पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इसे अमेरिकी जनता का स्पष्ट संदेश बताया है. ओबामा ने कहा कि मतदाता ऐसी राजनीति चाहते हैं जो लोगों को बांटने के बजाय उन्हें एकजुट करे. जनता ऐसे नेताओं की मांग कर रही है जो उनकी रोजमर्रा की चुनौतियों का ठोस समाधान दे सकें. मंगलवार रात चुनाव नतीजों के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में ओबामा ने कहा कि इन नतीजों से साफ है कि अमेरिकी जनता राजनीति में बदलाव चाहती है.
ओबामा ने चुनाव में अलग-अलग इलाकों से उतरे उम्मीदवारों की तारीफ की. उन्होंने कहा कि देश के हर क्षेत्र में अच्छे उम्मीदवारों के सामने आने से ही ये नतीजे संभव हो सके. इनमें वे इलाके भी शामिल थे, जिन्हें पहले डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के लिए जीतना मुश्किल माना जाता था. ओबामा के मुताबिक, इन उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि अलग-अलग थी और उनके राजनीतिक विचारों में भी अंतर था, लेकिन वे साझा मूल्यों, जनसेवा में विश्वास और अपने क्षेत्र के लोगों को प्राथमिकता देने की सोच से जुड़े हुए थे.
यह भी पढ़ें: ट्रंप के खिलाफ गुस्सा, मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन की करारी शिकस्त, डेमोक्रेट्स की बल्ले-बल्ले
चुनाव अधिकारियों और स्वयंसेवकों का जताया आभार
पूर्व राष्ट्रपति ने चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने वाले हजारों चुनाव अधिकारियों और स्वयंसेवकों का भी आभार जताया. उन्होंने कहा कि दोनों राजनीतिक दलों के अधिकारियों और स्वयंसेवकों ने चुनाव को सफल बनाने में योगदान दिया. ओबामा ने इसे लोकतंत्र के सबसे जरूरी कामों में से एक बताया.
ट्रंप प्रशासन के बचे दो साल पर क्या बोले ओबामा?
ओबामा ने अपने बयान में आगे कहा कि मौजूदा प्रशासन के पास अभी दो साल और हैं. ऐसे में अब उनकी पार्टी और सहयोगियों को अपनी आस्तीनें चढ़ाकर काम करना होगा. जहां भी बदलाव करने की ताकत है, वहां बदलाव लाना होगा, आगे होने वाले नुकसान को रोकना होगा और भविष्य की तैयारी करनी होगी.
यह भी पढ़ें: मिड टर्म चुनाव में बुरी तरह पिछड़ने पर ट्रंप का पहला रिएक्शन, बोले-मैं मैदान में होता तो बड़े अंतर से जीतते
ओबामा का यह बयान ऐसे समय आया है, जब मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को कई अहम सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है और डेमोक्रेटिक पार्टी की स्थिति मजबूत हुई है. ओबामा ने चुनाव नतीजों को केवल उम्मीदवारों की जीत-हार के रूप में नहीं, बल्कि अमेरिकी मतदाताओं की राजनीतिक प्राथमिकताओं के संकेत के तौर पर पेश किया है. उनके मुताबिक, जनता अब टकराव और विभाजन के बजाय एकजुट करने वाली राजनीति और समस्याओं का समाधान देने वाले नेतृत्व की उम्मीद कर रही है.
aajtak.in