बैंकॉक के पब में भीषण अग्निकांड... 27 लोगों की मौत, 63 घायलों में 22 की हालत गंभीर

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक पब में लगी भीषण आग की घटना में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हो गए. आग लगने के बाद लोग जान बचाने के लिए पब के टॉयलेट्स में छिप गए, जो उनकी मौत का कारण बना.

Advertisement
बैंकॉक के पब में लगी आग में 27 लोगों की मौत हो गई और 63 अन्य घायल हो गए. (Photo: Screengrab) बैंकॉक के पब में लगी आग में 27 लोगों की मौत हो गई और 63 अन्य घायल हो गए. (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • बैंकॉक ,
  • 13 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 3:43 AM IST

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के एक पब में भीषण आग लगने से कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य घायल हो गए. बैंकॉक गवर्नर के ने बताया कि पब में लगी आग में घायल 63 लोगों में से 22 की हालत गंभीर है. अधिकारियों के मुताबिक आग आधी रात के करीब शहर के उत्तरी हिस्से में स्थित एक एंटरटेनमेंट वेन्यू में लगी. देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटनास्थल पर पहुंचे थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की. उन्होंने कहा, 'अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों और बचावकर्मियों के मुताबिक, आग लगने की सूचना आधी रात से कुछ पहले मिली थी. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पब के मेन एंट्रेंस गेट पर तेज लपटें उठती दिखाई दीं, जबकि अंदर मौजूद लोग जान बचाने के लिए बाहर भागते नजर आए. स्थानीय मीडिया के अनुसार, चतुचक (Chatuchak) जिले में स्थित 'रोंग बीयर ना लाट फ्राओ' (Rong Beer Na Lat Phrao) नाम का यह पब कुछ ही मिनटों में पूरी तरह आग की चपेट में आ गया. बचाव दल ने शुरुआत में एक झुलसे हुए व्यक्ति को बाहर निकाला, लेकिन बाद में पता चला कि कई लोग इमारत के अंदर फंस गए थे.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग से बचने के लिए कई लोग पब के टॉयलेट्स में छिप गए थे. मृतकों में बड़ी संख्या उन लोगों की बताई जा रही है, जिनके शव टॉयलेट के अंदर मिले. फायर डिपार्टमेंट की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और पानी की बौछार कर करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में पब का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक दिखाई दिया. जली हुई मेज-कुर्सियां और राख से ढकी पूरी इमारत के बीच राहत एवं बचाव दल देर तक तलाशी अभियान चलाता रहा. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: वियतनाम में 15 भारतीयों की मौत पर एक्शन, पुलिस ने बोट कैप्टन को हिरासत में लिया, जांच शुरू

थाईलैंड में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आग इतनी तेजी से कैसे फैली और क्या पब में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे. इस हादसे के बाद थाईलैंड में एंटरटेनमेंट साइट्स की फायर सेफ्टी पर फिर सवाल उठने लगे हैं. साल 2022 में पूर्वी थाईलैंड के एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हुई थी. वहीं, देश की सबसे भीषण नाइटक्लब ट्रेजडी 2009 में बैंकॉक के सांटिका नाइटक्लब में हुई थी, जहां नए साल के जश्न के दौरान इनडोर फायरवर्क्स से लगी आग में 66 लोगों की मौत और 200 से अधिक लोग घायल हो गए थे. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »