अगर आप ऑटो या ई-रिक्शा चलाते हैं और ड्यूटी के दौरान बरमूडा या लुंगी पहनते हैं, तो यह खबर आपके लिए है. पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में ट्रैफिक पुलिस ने चालकों को शॉर्ट्स (बरमूडा) और लुंगी पहनकर वाहन नहीं चलाने की सलाह दी है. पुलिस का कहना है कि यह कदम महिला यात्रियों की सुविधा और सार्वजनिक शालीनता को ध्यान में रखकर उठाया गया है.
मंगलवार को दत्तापुकुर ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी देबदास देबनाथ ने बामनगाछी चौराहे के पास जेसोर रोड पर अभियान चलाया. इस दौरान कई ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को रोका गया.
जिन ड्राइवरों ने बरमूडा या लुंगी पहन रखी थी, उनसे अधिकारियों ने बातचीत की और कहा कि अगले दिन से पूरी पैंट पहनकर वाहन चलाएं. पुलिस का मानना है कि सार्वजनिक परिवहन चलाने वालों का पहनावा ऐसा होना चाहिए, जिससे यात्रियों को सहज महसूस हो.
महिला यात्रियों की सुविधा का हवाला
ट्रैफिक अधिकारियों के अनुसार, कई महिला यात्रियों को लुंगी या शॉर्ट्स पहनकर वाहन चला रहे ड्राइवरों के साथ सफर करने में असहजता महसूस होती है. इसी वजह से चालकों को अधिक शालीन और पेशेवर परिधान पहनने की सलाह दी गई है.
क्या अब लुंगी या शॉर्ट्स पहनना गैरकानूनी है?
यही सवाल सबसे ज्यादा पूछा जा रहा है. फिलहाल इसका जवाब 'नहीं' है.
अब तक ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है कि पश्चिम बंगाल सरकार या मोटर वाहन कानून में कोई नया नियम लागू किया गया हो, जिसके तहत लुंगी या शॉर्ट्स पहनकर वाहन चलाने पर प्रतिबंध लगा हो. यह स्थानीय ट्रैफिक पुलिस की ओर से दी गई एक सलाह है, न कि राज्यभर में लागू कोई नया कानूनी आदेश।
ड्राइवरों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
अभियान के दौरान कुछ चालकों ने इस हिदायत पर सवाल भी उठाए. हालांकि कई ड्राइवरों ने माना कि यदि इससे यात्रियों, खासकर महिलाओं, को अधिक सहज महसूस होता है तो ऐसे ड्रेस कोड का पालन करने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है.
फिलहाल यह पहल बारासात पुलिस जिले तक ही सीमित है. आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या दूसरे जिलों की ट्रैफिक पुलिस भी इसी तरह की सलाह जारी करती है या नहीं.
अनुपम मिश्रा