पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर कथित दुष्कर्म का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जिले के बोरो थाना क्षेत्र के आंकरो गांव में 18 वर्षीय युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का आरोप एक तांत्रिक पर लगा है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी तांत्रिक सौमेन गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया. गुरुवार को उसे पुरुलिया जिला अदालत में पेश किया जाएगा.
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सौमेन गोस्वामी के रूप में हुई है. वह मूल रूप से पड़ोसी जिले बांकुड़ा का रहने वाला है और लंबे समय से इस इलाके में रह रहा था. स्थानीय लोगों के बीच वह पूजा-पाठ, वशीकरण और तंत्र-मंत्र, जिसे स्थानीय तौर पर काटान-बाटन कहा जाता है, करने का दावा करता था.
पीड़िता के पिता ने बताया कि घटना वाले दिन उनकी बेटी अपनी मां के साथ गांव के पास स्थित एक मंदिर में पूजा-अर्चना करने गई थी. उस समय वह घर पर नहीं थे. मंदिर में मौजूद तांत्रिक सौमेन गोस्वामी ने कथित तौर पर उनकी पत्नी से कहा कि एक विशेष अनुष्ठान करना होगा, इसलिए वह बाहर ही बैठें और लड़की को अकेले अंदर भेज दें. परिजनों का आरोप है कि तांत्रिक ने बहला-फुसलाकर युवती को एक खाली पड़े कमरे में ले गया और वहां उसके साथ जबरदस्ती की.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पीड़िता के पिता का कहना है कि उनका परिवार इससे पहले कभी उस तांत्रिक के पास नहीं गया था. यह पहली बार था जब वे उससे मिले थे. उनका आरोप है कि पहली ही मुलाकात में आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया. परिजनों के मुताबिक, आरोपी तांत्रिक के खिलाफ इससे पहले इलाके में किसी तरह की आपराधिक शिकायत दर्ज नहीं हुई थी. घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी आपबीती बताई. इसके बाद बुधवार को परिवार सीधे बोरो थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई.
मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी तांत्रिक सौमेन गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. गुरुवार को उसे पुरुलिया जिला अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अनिल गिरी