आसनसोल में बवाल! लाउडस्पीकर बंद कराने पहुंची पुलिस टीम से झड़प, चौकी में तोड़फोड-लाठीचार्ज

पश्चिम बंगाल के आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र के जहांगीर मोहल्ला इलाके में धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर नियम लागू कराने को लेकर शुक्रवार देर रात तनाव फैल गया. विवाद बढ़ने पर गुस्साई भीड़ ने पुलिस चौकी पर हमला कर तोड़फोड़ की. घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

Advertisement
आसनसोल में पुलिस चौकी में तोड़फोड़. (Photo: Anil giri/ITG) आसनसोल में पुलिस चौकी में तोड़फोड़. (Photo: Anil giri/ITG)

अनिल गिरी

  • आसनसोल,
  • 16 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:58 AM IST

पश्चिम बंगाल के आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र के जहांगीर मोहल्ला इलाके में शुक्रवार देर रात उस समय तनाव फैल गया, जब धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर इस्तेमाल को लेकर राज्य सरकार के नए नियमों को लागू कराने पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि गुस्साई भीड़ ने पुलिस चौकी पर हमला कर दिया और वहां जमकर तोड़फोड़ की. घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.

Advertisement

पुलिस सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ने हाल ही में मस्जिदों और मंदिरों समेत सभी धार्मिक संस्थानों में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इन नियमों के तहत धार्मिक स्थलों पर लगाए गए माइक्रोफोन और साउंड सिस्टम की आवाज केवल परिसर तक सीमित रखने को कहा गया है, ताकि आसपास के इलाकों में ध्वनि प्रदूषण को रोका जा सके. प्रशासन ने सभी धार्मिक संगठनों से इन नियमों का पालन करने की अपील की थी.

आसनसोल के पुलिस चौकी में हुई तोड़फोड़. (Photo: Anil Giri/ITG)

इसी आदेश के पालन को सुनिश्चित करने के लिए आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मी शुक्रवार को जहांगीर मोहल्ला समेत कई इलाकों के धार्मिक स्थलों पर पहुंचे थे. पुलिस अधिकारियों ने मस्जिदों और मंदिरों के प्रबंधन से बातचीत कर नए नियमों के बारे में जानकारी दी और ध्वनि सीमा का पालन करने को कहा. इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया.

Advertisement

भीड़ ने चौकी पर किया पथराव और की तोड़फोड़
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में लोग जहांगीर मोहल्ला पुलिस चौकी के बाहर इकट्ठा हो गए. आरोप है कि भीड़ ने चौकी पर पथराव किया और वहां रखे सामान में तोड़फोड़ की. घटना के दौरान पुलिस चौकी की खिड़कियां और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए. स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन ने तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स को मौके पर भेजा. पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च भी किया, जिसके बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य हुए.

बवाल के बाद पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज. (photo: Anil giri/ITG)

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस हमले में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो की जांच कर रही है. मामले में कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement