उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पूनम कसौधन नामक महिला ने अपने मौसी के बेटे विकास के साथ मिलकर अपने ही घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया. पैसों की जरूरत पूरी कर साथ भागने के मकसद से आरोपियों ने संदूक और बक्से से सोने-चांदी के आभूषण, 50 हजार रुपये नकद और मोबाइल निकाल लिए. वारदात को छुपाने के लिए कमरे का सामान बिखेर दिया गया और महिला बेहोश होने का नाटक कर बेड के नीचे लेट गई. सुबह पुलिस को सूचना मिलने पर जब महिला से पूछताछ की गई, तब इस पूरी साजिश का खुलासा हुआ.
तीन-चार दिन की प्लानिंग और फर्जी कहानी
पूरा मामला खरगूपुर थाना क्षेत्र के विशुनापुर बाजार का है. पीड़ित पति लवकुश ने सुबह अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी थी. आरोपी पूनम ने परिजनों को बताया था कि अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर मारपीट की और चोरी की.
हालांकि, घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने पर बाहर से किसी के आने की गुंजाइश नहीं दिखी. महिला पुलिसकर्मी द्वारा अलग से कड़ाई से पूछताछ करने पर पूनम ने सच कबूल कर लिया. उसने बताया कि विकास के साथ उसके दो साल से संबंध थे और दोनों ने मिलकर तीन-चार दिन पहले इस चोरी का प्लान बनाया था.
प्रेमी के घर से बरामदगी और गिरफ्तारी
योजना के तहत रात में पूनम ने विकास को घर बुलाया था. चोरी के बाद विकास सारा सामान लेकर अपने घर चला गया था. पुलिस ने विकास कसौधन की निशानदेही पर उसके घर से भारी मात्रा में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए हैं. सीओ सिटी योगेश्वर सिंह के मुताबिक दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर रही है.
अंचल श्रीवास्तव