मेरठ के सौरभ राजपूत हत्याकांड में मुस्कान और साहिल को अदालत से मौत की सजा मिली. वही मामला, जिसमें पति की हत्या, शव के टुकड़े करने और उन्हें नीले ड्रम में छिपाने की कहानी ने पूरे देश को चौंका दिया था. इस कहानी में एक किरदार ऐसा भी है, जिसका इस अपराध से कोई लेना-देना नहीं. मुस्कान की बेटी. उसका जन्म जेल में हुआ. अब मां को मौत की सजा सुनाए जाने के बाद उसके भविष्य को लेकर सवाल उठ रहे हैं. इसी बीच मुंबई से एक शख्स मेरठ पहुंचा है. नाम है फैजान अंसारी...
फैजान का कहना है कि बच्ची की पढ़ाई, इलाज, कपड़ों से लेकर शादी तक का खर्च उठाने को तैयार हूं. फैजान ने अदालत में आवेदन भी दिया है. आखिर ये फैजान अंसारी कौन हैं? फैजान अंसारी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं. वह ब्रांड प्रमोशन का काम करते हैं. मुस्कान और साहिल को मौत की सजा सुनाए जाने की खबर सामने आने के बाद फैजान बच्ची की मदद करने की इच्छा लेकर मेरठ पहुंचे. वहां उन्होंने जिला शासकीय अधिवक्ता केके चौबे से मुलाकात की और बच्ची के भरण-पोषण का खर्च उठाने की बात कही.
यहां देखें Video
फैजान का कहना है कि बच्ची का इस हत्याकांड में कोई दोष नहीं है. उसके माता-पिता ने क्या किया, उसकी सजा उसे क्यों मिले? वह चाहते हैं कि बच्ची की पढ़ाई और परवरिश पर इस मामले का असर न पड़े. इसलिए उन्होंने उसकी जिंदगी से जुड़े खर्च उठाने की इच्छा जताई है. फैजान के मुताबिक, उन्होंने जिला जज की अदालत में आवेदन देकर बच्ची के भरण-पोषण की जिम्मेदारी लेने की अनुमति भी मांगी है.
फैजान का कहना है कि वह बच्ची की पढ़ाई, इलाज और कपड़ों का खर्च उठाने के लिए तैयार हैं. यहां तक कि भविष्य में उसकी शादी का खर्च उठाने की बात भी उन्होंने कही है. फैजान ने एक बात साफ की है. वह बच्ची को गोद लेने की बात नहीं कर रहे, बल्कि उसकी परवरिश की आर्थिक जिम्मेदारी लेना चाहते हैं. फैजान ने अदालत से अनुमति मांगी है.
फैजान अंसारी ने बताया कि वह इससे पहले अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले में घायल ऑटो चालक की मदद कर चुके हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े हमले के एक पीड़ित की मदद करना चाहते हैं. मुस्कान की बेटी के मामले में भी उनकी यही मंशा है. उनका कहना है कि बच्ची को अपने किसी और के अपराध की वजह से बुनियादी सुविधाओं और बेहतर भविष्य से वंचित नहीं होना चाहिए.
क्या था सौरभ राजपूत हत्याकांड?
अब उस मामले पर लौटते हैं, जिसकी वजह से बच्ची के भविष्य का सवाल इतना बड़ा हो गया है. मेरठ के सौरभ राजपूत हत्याकांड ने देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं. इस मामले में मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या कर दी थी. जांच के दौरान सामने आया कि हत्या के बाद शव के टुकड़े किए गए और उन्हें नीले ड्रम में छिपाया गया. मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने मुस्कान और साहिल को मौत की सजा सुनाई.
इस फैसले के बाद चर्चा एक बार फिर तेज हुई. इस पूरे मामले में एक ऐसी बच्ची भी है, जो न इस अपराध में शामिल थी और न ही अपने जीवन की परिस्थितियां चुन सकती थी. मुस्कान ने जेल में ही बेटी को जन्म दिया था. अब माता-पिता को मौत की सजा सुनाए जाने के बाद बच्ची की परवरिश कौन करेगा, उसकी पढ़ाई और इलाज कैसे होगा और उसे सुरक्षित भविष्य कैसे मिलेगा, ये सवाल अहम हो गए हैं. फैजान अंसारी की पेशकश ने इस मामले का एक अलग पहलू सामने रखा है. फैजान का कहना है कि बच्ची की वजह से मुस्कान और साहिल की सजा रुकनी नहीं चाहिए.
उस्मान चौधरी