यूपी एटीएस ने नौसेना कर्मी को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है. वह मूल रूप से आगरा का रहने वाला है. वर्तमान में केरल के कोच्चि में पोस्टेड में था. आरोपी ने पाकिस्तान में मौजूद आईएसआई एजेंटों से अपना संपर्क बनाया हुआ था. वह उन्हें फोटोज/वीडियोज और अन्य सीक्रेट जानकारियां भेजता रहता था.
बताया जा रहा है कि एटीएस को काफी समय से इनपुट मिल रहे थे कि भारत से जुड़ी अहम और संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान तक पहुंचाई जा रही हैं. इन सूचनाओं के आधार पर यूपी एटीएस की सर्विलांस टीम ने मामले की गहन जांच शुरू की.
जांच के दौरान पता चला कि आगरा के थाना कागारोल क्षेत्र के चीतपुर गांव का रहने वाला आदर्श कुमार उर्फ लकी इस गतिविधि में शामिल है. आरोपी भारतीय नौसेना में तैनात था और वर्तमान में केरल के कोच्चि स्थित दक्षिणी कमान के नौसैनिक अड्डे पर उसकी पोस्टिंग थी. आरोप है कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के लिए नौसेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारी और तस्वीरें भेज रहा था.
वह रणनीतिक और संवेदनशील सूचनाएं उनके साथ साझा कर रहा था. इतना ही नहीं जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी ने अपने बैंक खाते से आईएसआई एजेंटों को पैसे भी भेजे थे. सूत्रों के मुताबिक, आरोपी लांस नायक की महीने भर पहले ही शादी हुई है और वो हाल ही में हनीमून से लौटा है. उसके विदेश टूर की भी चर्चा है.
एटीएस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे अदालत में पेश किया. अदालत ने आरोपी को जुडिशियल रिमांड पर जिला जेल भेज दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एजेंसियां अब यह भी जांच कर रही हैं कि इस जासूसी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं?
इस मामले में डीसीपी वेस्ट आदित्य ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया है. फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इस जासूसी गतिविधि में अन्य लोग भी तो शामिल नहीं हैं.
अरविंद शर्मा