बीजेपी नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया है. लखनऊ के सिविल हॉस्पिटल में उन्हें मृत घोषित किया गया. 'आजतक' से बात करते हुए हॉस्पिटल में मौजूद डॉक्टर ने बताया कि प्रतीक यादव अस्पताल में मृत अवस्था में लाए गए थे. जब उनको यहां लाया गया था तब उनकी पल्स नहीं चल रही थी.
डॉक्टर के मुताबिक, आज सुबह 5:55 पर बॉडी अस्पताल पहुंची थी. परिवार के कुछ लोग आए थे. पत्नी अपर्णा यादव नहीं मौजूद थीं. प्रतीक के साले आदि पहुंचे हुए थे. उन्होंने तुरंत एडमिट करने को बोला था. जांच के बाद प्रतीक को डेड घोषित किया गया. लगभग डेढ़ घंटे बाद पुलिस डेड बॉडी को केजीएमयू ले गई, जहां पोस्टमार्टम होगा. डॉक्टर का कहना है कि पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने से पहले कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. मौत का असल कारण तभी पता चलेगा.
बताया जा रहा है कि अपर्णा यादव पिछले तीन-चार दिनों से लखनऊ से बाहर थीं. वह पहले गुजरात के सोमनाथ गईं फिर असम. पति के निधन की खबर मिलते ही लखनऊ पहुंच रही हैं. फिलहाल, उनके परिवार के लोग मौके पर मौजूद हैं.
इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि प्रतीक यादव का शहर के एक बड़े और निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था. उनके डिप्रेशन में होने की भी बात सामने आई है. नसों में समस्या बताई जा रही है. उधर, समाजवादी पार्टी के सचिव कमलापति ने मांग की है कि इस मामले की हाई लेवल जांच हो. आखिर मौत की वजह क्या है. अचानक कैसे मौत हुई. वो नेता जी के लाल थे.
आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव (38) का बुधवार, 13 मई 2026 को लखनऊ में निधन हो गया. प्रतीक यादव को सुबह करीब 5:30 बजे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर आपात स्थिति के चलते लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें 'ब्रॉट डेड' (मृत घोषित) कर दिया. वे भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे. उनकी मौत का सटीक चिकित्सकीय कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है और पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है.
खबरों के अनुसार, वे फेफड़ों में खून के थक्के (blood clotting in lungs) जैसी समस्याओं से जूझ रहे थे और कुछ समय पहले मेदांता अस्पताल में भी भर्ती रहे थे, जहां अखिलेश यादव और अपर्णा यादव उनसे मिलने पहुंचे थे. प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर रियल एस्टेट और फिटनेस व्यवसाय से जुड़े थे. हाल के दिनों में उनके और अपर्णा यादव के बीच पारिवारिक कलह और तलाक की खबरें भी सुर्खियों में रही थीं. उनके असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी ने गहरा शोक व्यक्त किया है.
समर्थ श्रीवास्तव / कुमार अभिषेक