नाव की स्पीड अचानक बढ़ी, फिर जाकर पीपा पुल से टकराई... मथुरा हादसे के चश्मदीद की आंखों-देखी, 10 की मौत

वृंदावन के केशी घाट के पास यमुना नदी में पर्यटकों से भरी एक नाव पोंटून पुल से टकराकर पलट गई. नाव में 30 से अधिक लोग सवार थे जो नदी में गिर गए, जिनमें से 10 की मौत हो गई, जबकि 22 को बचा लिया गया है. कुछ और लोग लापता हैं जिनकी तलाश जारी है.

Advertisement
वृंदावन में पर्यटकों से भरी नाव पोंटून पुल से टकराकर यमुना नदी में पलट गई, जिसमें 10 की मौत हो गई. (Photo: ITG) वृंदावन में पर्यटकों से भरी नाव पोंटून पुल से टकराकर यमुना नदी में पलट गई, जिसमें 10 की मौत हो गई. (Photo: ITG)

मदन गोपाल शर्मा

  • मथुरा,
  • 10 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 6:51 PM IST

मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया. दोपहर 2:45 बजे के करीब श्रीबांके बिहार मंदिर से करीब ढाई किमी की दूरी पर स्थित केशी घाट के पास पर्यटकों से भरी एक नाव (मोटर बोट) पोंटून पुल (पीपा पुल) से टकराने के बाद यमुना नदी में पलट गई. नाव में 30 से अधिक लोग सवार थे, जो नदी में गिर गए. इनमें से 10 लोगों की डूबकर मौत हो गई, जबकि 22 को बचा लिया गया. अब भी कुछ लोग नदी में लापता हैं और उनकी तलाश की जा रही है.

Advertisement

मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि नाम में सवार लोग पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हैं. स्थानीय गोताखोर गुलाब ने इस हादसे के लिए तेज हवा को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने आजतक से बातचीत में कहा, 'तेज हवा चल रही थी. यमुना नदी के बीच में नाव अचानक तेज हवा से डगमगाने लगी और उसकी स्पीड भी बढ़ गई. देखते ही देखते नाव पीपा पुल (पांटून पुल) से टकराकर नदी में पलट गई और उसमें सवार सभी लोग गहरे पानी में गिर गए.'

मथुरा जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स और नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स की टीमें, स्थानीय पुलिस करीब और 50 स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लापता लोगों की तलाश कर रही हैं. मथुरा के डीआईजी शैलेश कुमार पांडे ने बताया कि दुर्घटना का प्रारंभिक कारण यह प्रतीत होता है कि नाव पोंटून पुल से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ.

Advertisement

यह भी पढ़ें: वृंदावन: यमुना नदी में नाव पलटी, 10 पर्यटकों की मौत, कई अब भी लापता

उन्होंने बताया कि घटनास्थल से दस शव बरामद किए गए हैं. एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर डिपार्टमेंट और पुलिस की टीमें, स्थानीय गोताखोरों और नाविकों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय रूप से लगी हुई हैं. लापता लोगों की तलाश जारी है. मथुरा ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि केशी घाट के पास यमुना नदी के एक हिस्से में नाव डूब गई है. अब तक 22 लोगों को नदी से बाहर निकाला जा चुका है. 

उन्होंने कहा, 'बचाए गए लोगों को एम्बुलेंस और पुलिस वाहन (पीआरवी) की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. हम फिलहाल स्थिति का जायजा ले रहे हैं ताकि पता चल सके कि कितने लोग सुरक्षित हैं और कितने लोगों की जान गई है... यहां एक पोंटून पुल है. चूंकि यह पुल जर्जर हालत में था, इसलिए एक एजेंसी पोंटूनों की मरम्मत का काम कर रही थी. आशंका है कि यह दुर्घटना इसी मरम्मत कार्य के दौरान नाव के पोंटून से टकराकर पलटने के कारण हुई.'

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement