वृंदावन: यमुना नदी में नाव पलटी, 10 पर्यटकों की मौत, कई अब भी लापता

मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी में पर्यटकों से भरी एक नाव पलट गई. इस हादसे में अब तक 10 लोगों की डूबकर मौत हो चुकी है, जबकि 22 पर्यटकों को बचा लिया गया. अब भी कई लापता बताए जा रहे हैं.

Advertisement
वृंदावन में यमुना में नाव पलटने से 10 पर्यटकों की डूबकर मौत हो गई. (Photo: ITG) वृंदावन में यमुना में नाव पलटने से 10 पर्यटकों की डूबकर मौत हो गई. (Photo: ITG)

मदन गोपाल शर्मा

  • मथुरा ,
  • 10 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 6:29 PM IST

मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार को यमुना नदी में बड़ा हादसा सामने आया है. नदी में बने पीपा पुल के पास पर्यटकों से भरी एक नाव पलट गई. इस हादसे में 10 पर्यटकों की डूबकर मौत हो गई, जबकि 22 लोगों को बचा लिया गया. अब भी कई लापता बताए जा रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं. 

Advertisement

मथुरा के डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और गोताखोर लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं. मथुरा जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. वृंदावन में नाव पलटने की इस घटना का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है. 

उन्होंने X पर पोस्ट में लिखा, 'जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.'

Advertisement

प्रधानमंत्री मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने X पर पोस्ट किया, 'उत्तर प्रदेश के मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है.'

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं. मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के मुताबिक नाव में 30 से अधिक लोग सवार थे, जो पंजाब के लुधियाना से वृंदावन घूमने आए थे.

हादसा दोपहर पौने 3 बजे केशी घाट पर हुआ, जो श्रीबांके बिहार मंदिर से करीब ढाई किमी की दूरी पर है. नाव पीपा पुल से टकराने के बाद नदी में पलट गई. स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स और नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स की टीमें करीब 50 स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लापता लोगों की तलाश कर रही हैं. गुलाब नाम के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि तेज हवा के कारण नाव पर नियंत्रण नहीं रहा और वह पीपा पुल से टकराकर यमुना नदी में पलट गई.

मथुरा ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने कहा, 'केशी घाट के पास यमुना नदी के एक हिस्से में नाव डूब गई है. अब तक 22 लोगों को नदी से बाहर निकाला जा चुका है. बचाए गए लोगों को एम्बुलेंस और पुलिस वाहन (पीआरवी) की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. हम फिलहाल स्थिति का जायजा ले रहे हैं ताकि पता चल सके कि कितने लोग सुरक्षित हैं और कितने लोगों की जान गई है... यहां एक पोंटून पुल है. चूंकि यह पुल जर्जर हालत में था, इसलिए एक एजेंसी पोंटूनों की मरम्मत का काम कर रही थी. आशंका है कि यह दुर्घटना इसी मरम्मत कार्य के दौरान हुई होगी.'

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »