उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में स्थित इस्कॉन मंदिर के बाहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी 21 वर्षीय युवक की कथित तौर पर करंट लगने से मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है. इस हादसे के बाद अस्पताल से एक बेहद मार्मिक वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों को भावुक कर दिया है. वायरल वीडियो में वह रोते-बिलखते हुए अपने बेटे से कह रहे हैं, 'उठ जा बेटा, पापा बुला रहे हैं.' यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं.
मृतक की पहचान अभिज्ञान गुप्ता के रूप में हुई है. वह अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर वृंदावन आया था. परिजनों के अनुसार, परिवार सोमवार सुबह श्री बांके बिहारी मंदिर के दर्शन करने के बाद इस्कॉन मंदिर पहुंचा था. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
पिता बचाने गए तो वो भी घायल हो गए
मृतक के पिता अमित गुप्ता ने बताया कि मंदिर परिसर में प्रवेश करने से पहले परिवार ने अपने जूते-चप्पल काउंटर पर जमा किए थे. इसके बाद सभी मंदिर की ओर बढ़ रहे थे. इसी दौरान अभिज्ञान का संपर्क मंदिर के बाहर रखे एक कूलर से हो गया और उसे जोरदार करंट लग गया.
पिता के अनुसार, बेटे को बचाने के प्रयास में उन्हें भी करंट लगा, जिससे दोनों जमीन पर गिर पड़े. उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित कूलर नगर निगम की ओर से लगाया गया था और उसमें करंट आने के कारण यह हादसा हुआ.
वृंदावन के जिला अस्पताल ले जाया गया
घटना के तुरंत बाद अभिज्ञान को इलाज के लिए वृंदावन के जिला अस्पताल ले जाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, युवक को बचाने के लिए सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) सहित जरूरी डॉक्टरी प्रयास किए गए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनीत यादव ने बताया कि युवक को करंट लगने के बाद अस्पताल लाया गया था. डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और कूलर में करंट कैसे आया, इसकी जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मदन गोपाल शर्मा