वाराणसी: महिलाओं ने शोरूम से 10 हजार के अंडरगारमेंट्स चुराए, व्यापार मंडल की अध्यक्ष पर आरोप, देखें- VIDEO

वाराणसी के लहुराबीर में महिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनीता सोनी पर दो महिलाओं के साथ मिलकर एक दुकान से 10 हजार रुपये के अंडरगारमेंट्स चोरी करने का आरोप लगा है. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
सीसीटीवी में चोरी की घटना कैद (Photo- Screengrab) सीसीटीवी में चोरी की घटना कैद (Photo- Screengrab)

रोशन जायसवाल

  • वाराणसी ,
  • 26 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 12:27 PM IST

अभी तक आपने दुकानों से सोना-चांदी और कीमती सामान चोरी करते हुए देखा होगा, लेकिन वाराणसी में कुछ महिलाएं एक दुकान से 10 हजार रुपये के अंडरगारमेंट्स चोरी कर ले गईं. घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. दुकानदार ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज करा दी है. हैरानी की बात यह है कि अंडरगारमेट्स की चोरी में वाराणसी की महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष का नाम आ रहा है. वह नगर निगम की पूर्व ब्रांड एंबेस्डर भी रह चुकी हैं. उनकी तमाम तस्वीरें नामचीन लोगों के साथ वायरल हो रही हैं. पूरी घटना चेतगंज थाना क्षेत्र के लहुराबीर इलाके की है.  

Advertisement

बेटी और ननद के साथ दुकान में दाखिल हुई 

CCTV में साफ दिख रहा है कि एक अंडरगारमेंट्स की दुकान में तीन महिलाएं घुसती हैं. इस दौरान सेल्स गर्ल को अपनी बातों में उलझाकर एक महिला कुछ अंडरगारमेंट्स को अपने बैग में रख लेती है, फिर बिना खरीददारी के वहां से निकल जाती है. आरोप है कि इस चोरी में वाराणसी महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी शामिल हैं. उनके साथ दो महिलाएं भी थीं. हालांकि, सुनीता ने आरोपों से इनकार किया है और पुलिस जांच में सहयोग देने का वादा किया है.

जानिए पूरा मामला 

वाराणसी के लहुराबीर स्थित 'अमाते स्टोर' में हुई चोरी की घटना ने अब नया मोड़ ले लिया है. इस मामले में व्यापार मंडल महिला अध्यक्ष और नगर निगम की पूर्व ब्रांड एंबेसडर सुनीता सोनी पर अपनी बेटी और ननद के साथ मिलकर अंडरगारमेंट्स चोरी करने का आरोप लगा है. 

Advertisement

दुकानदार सुदीप सिंह द्वारा दर्ज एफआईआर के अनुसार, 24 फरवरी की शाम तीन महिलाएं दुकान में घुसीं. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि जब सेल्स गर्ल सामान लेने अंदर गई, तब महिलाओं ने झोले में करीब 10,000 रुपये के अंडरगारमेंट्स भर लिए.  स्टॉक मिलान के दौरान चोरी का पता चलने पर दुकानदार ने थाना चेतगंज में धारा 379 के तहत मामला दर्ज कराया है. 

समाजसेविका ने घटना को शर्मनाक बताया

समाजसेविका चांदनी श्रीवास्तव ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताया है. उन्होंने आरोप लगाया कि सुनीता सोनी रसूखदार लोगों से संबंधों के कारण पहले भी बचती रही हैं, लेकिन इस बार साक्ष्य पूरी तरह स्पष्ट हैं. उन्होंने मांग की है कि नामचीन हस्तियों के साथ फोटो खिंचवाने और बड़े पदों पर रहने वाली महिला पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.

आरोपी पक्ष की सफाई

दूसरी ओर, सुनीता सोनी ने अपना बचाव करते हुए कहा कि वह अपनी जौनपुर से आई महिला रिश्तेदारों के साथ दुकान गई थीं, लेकिन उन्हें नहीं पता कि उनके पीछे उन महिलाओं ने क्या रखा. उन्होंने दावा किया कि जानकारी मिलते ही वह दुकानदार से संपर्क करने की कोशिश कर रही हैं ताकि सामान का भुगतान किया जा सके. उन्होंने विरोध करने वाली महिलाओं को 'तथाकथित संगठन' का हिस्सा बताते हुए कहा कि वे उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं.

Advertisement

फिलहाल, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और रसूखदार नाम सामने आने से यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement