Ground Report: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए उमड़ी भीड़, अभ्यर्थियों में पेपर लीक की दहशत

यूपी पुलिस के 38,679 पदों के लिए भर्ती परीक्षा शुरू हो चुकी है, जिसमें 28.80 लाख अभ्यर्थी शामिल हैं. कुछ उम्मीदवारों ने बसों के किराए छूट नहीं मिलने की शिकायत की है.

Advertisement
यूपी में पुलिस भर्ती एग्जाम का आगाज (Photo: ITG) यूपी में पुलिस भर्ती एग्जाम का आगाज (Photo: ITG)

संतोष शर्मा

  • लखनऊ,
  • 08 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:52 PM IST

उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा हो रही है. यूपी पुलिस में 38679 पदों पर 75 जिलों के 1183 परीक्षा केदो पर 28 लाख 80 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी 8, 9 और 10 जून को परीक्षा देंगे. रोजाना दो पाली में यह एग्जाम हो रहा है. पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक रखी गई है और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 से 5 बजे तक रखी गई है.

Advertisement

पहले दिन पहली पाली की परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9:00 बजे से अभ्यर्थियों की लाइन लगना शुरू हो गई. अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड और परीक्षा देने के लिए काले नीले पेन के अलावा किसी भी सामान के ले जाने पर पाबंदी लगाई गई, लिहाजा परीक्षा केंद्र के गेट पर ही यूपी पुलिस के जवान तैनात किए गए, जो हर अभ्यर्थी की चेकिंग कर रहे हैं. 

परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थापक परीक्षा के नियमों के अनाउंसमेंट कर रहे हैं, महिला अभ्यर्थियों की चेकिंग महिला सिपाही के द्वारा की जा रही है.

अभ्यर्थियों से बातचीत!

पहली पाली की परीक्षा देकर बाहर निकली औरैया की मनीषा चौहान से जब पेपर लीक का डर और प्रश्नपत्र सवाल किया गया तो उनका सीधे कहना था कि पेपर लीक का डर तो है, लेकिन प्रश्न पत्र आसान था. सामान्य ज्ञान वाले भाग में जरूर 5 से 7 सवाल कठिन थे लेकिन बाकी हिस्से में आसान सवाल पूछे गए. 

Advertisement

वहीं, फर्रुखाबाद के आदित्य वर्मा आदित्य सिंह का कहना है कि उत्तर प्रदेश में पेपर लीक नहीं हो सकता है, यहां बुलडोजर और एनकाउंटर चल रहा है. पेपर लीक करने वाले भी यहां पर 100 बार सोचेंगे. पेपर लीक का कोई डर नहीं है, प्रश्न पत्र भी आसान था.

प्रशासन के द्वारा इस भीषण गर्मी में अभ्यर्थियों की मदद के लिए रेलवे स्टेशन पर शिविर बनाए गए हैं. हम जब अभ्यर्थियों के शिविर में पहुंचे तो पहली पाली की परीक्षा दे चुके अभ्यर्थी अपने-अपने दोस्तों के साथ सवालों पर चर्चा करते नजर आए. मध्य प्रदेश के टेकनपुर से आए सुरेश यादव का कहना है कि हम तो कल रात लखनऊ आ गए थे और रात में यहीं पर रुके हैं. परीक्षा केंद्र पर व्यवस्था अच्छी थी, लेकिन पेपर लीक का डर तो बना ही है. वहीं, उनके साथ बैठे प्रयागराज से आए सुजीत पासवान का कहना है कि अभी मेरी परीक्षा बाकी है, तो इन लोगों के साथ बैठकर समझ रहा हूं कि कैसा प्रश्न पत्र आ रहा है और किस तरीके के सवाल पूछे जा रहे हैं. 

सोनभद्र से आए अखिलेश बिंद कहते हैं, "इस परीक्षा के लिए हम कई महीने से तैयारी कर रहे थे. अब एग्जाम दे दिया है. प्रशासन भी हर तरफ चुस्त नजर आया है. पुलिस वाले परीक्षा केंद्र के बाहर खड़े थे और परीक्षा कक्ष में भी कक्ष निरीक्षक ड्यूटी दे रहे थे, तो भरोसा है  पेपर लीक नहीं होगा."

Advertisement

लेकिन जब सवाल पूछा गया कि सरकार ने 50 फीसदी बस के किराए में छूट दी है, यह मिली या नहीं... इस पर उनका कहना था कि हम तो पहले ही ट्रेन से आ गए. अब वापसी में देखेंगे कि किराए में छूट मिलती है या नहीं. लेकिन बगल में बैठे फर्रुखाबाद से आए दीपक चंदेल ने बताया कि हमने तो पूरा किराया दिया है. बस कंडक्टर से आधे किराए की बात की गई तो उसने कह दिया हमारे पास कोई आदेश नहीं है. 

यह भी पढ़ें: सीएम योगी का बड़ा ऐलान: यूपी पुलिस में होगी 1 लाख नई भर्तियां, युवाओं को मिलेगा मौका

इसी तरह आगरा, कासगंज, फिरोजाबाद से आए मानवेंद्र सेंगर, राजन पांडे, दीपक प्रजापति सहित कई अभ्यर्थी यही शिकायत करते दिखे कि किराया पूरा लिया गया है. अब वापसी में देखेंगे कि किराया आधा लिया जाता है या नहीं.

इन अभ्यर्थियों से आगे बढ़ने पर हमारी मुलाकात एक दूसरे ऐसे ही ग्रुप से हुई, जो इस शिविर में बैठकर अपने हल किए गए सवालों के जवाब को चेक कर रहे थे. आगरा से आए इन तीन दोस्तों ने आगरा से लखनऊ तक का सफर ट्रेन से तय किया. जब सवाल किया गया कि सरकार ने तो बस में आधा किराया माफ कर दिया है, तो इस सवाल को सुनकर अलीगढ़ से आए संजीव वर्मा बोले किराया पूरा वसूला जा रहा है. अभी सरकार का आदेश कंडक्टरों के पास नहीं पहुंचा था.

Advertisement

आगरा से आए पुष्पराज ने बड़ी साफगोई से कहा कि हम तो ट्रेन में भी फ्री में आ गए. ट्रेन में  टिकट नहीं लिया, भीड़ इतनी ज्यादा थी कि ना टिकट लेने का मौका मिला ना ट्रेन में किसी ने चेक किया. हम तो सिपाही बनने आए थे और सिपाही बन कर ही रहेंगे.

इस बीच तमाम बच्चे गर्मी से बेहाल नजर आए. कोई घर से लाया खाना खाकर ठंडे पानी की तलाश में था, तो किसी को अपनी ट्रेन का इंतजार था. परीक्षा खत्म होने के बाद अब सभी को अपने-अपने घर जाने की जल्दी थी. प्रशासन की तरफ से भी शिविर में कूलर, पानी की व्यवस्था की गई है. गर्मी के मौसम में डिहाइड्रेशन या अन्य किसी वजह से कोई बीमार ना हो इसके लिए नगर निगम की तरफ से स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी लगाई गई है.

फिलहाल उत्तर प्रदेश पुलिस के इस तीन दिवसीय भर्ती परीक्षा में पहले दिन की दोनों पाली की परीक्षा खत्म हो चुकी है. प्रशासन परीक्षा केंद्र से लेकर बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों के लिए इंतजाम कर रहा है. वहीं, दूसरी तरफ सॉल्वर गैंग और पेपर लीक करने वाले गैंग पर यूपी एसटीएफ के साथ साथ जिलों की क्राइम ब्रांच लगी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »