उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने रविवार देर रात संयुक्त राज्य/उच्च अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 (UPPCS 2024) के फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिए. इस परीक्षा में नेहा पांचाल ने टॉप किया है. जबकि दूसरे स्थान पर यूपी की अनन्या त्रिवेदी और तीसरे स्थान पर अभय प्रताप सिंह रहे. रिजल्ट आयोग की वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in/ पर चेक किया जा सकता है.
टॉप 10 में छह महिलाएं शामिल हैं. जिनमें से चार यूपी की हैं. आयोग के मुताबिक 24 श्रेणियों के लिए कुल 947 पदों पर भर्तियां की जानी है. लेकिन परीक्षा में कुल 932 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है. ऐसे में उपयुक्त उम्मीदवारों के उपलब्ध न होने के कारण व्यवस्थाधिकारी का एक पद और व्यवस्थापक के 14 पद खाली रह गए हैं.
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश पीसीएस रिजल्ट 2024 जारी, श्योपुर के देवांशु शिवहरे ने मारी बाजी, टॉप 13 में 5 महिलाएं
UPPCS सचिव अशोक कुमार के अनुसार अभ्यर्थियों के अंकों और श्रेणी-वार/पद-वार कट-ऑफ संबंधित जानकारी जल्द ही आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी. कुल 932 चयनित अभ्यर्थियों में से 613 पुरुष और 319 महिलाएं हैं. महिलाओं की सफलता रेट 34.22% है. इससे पहले PCS-2023 में चुने गए 251 अभ्यर्थियों में से 167 पुरुष और 84 महिलाएं थीं. जिसमें महिलाओं की सफलता दर लगभग 33.46% थी.
22 दिसंबर को हुई थी प्रारंभिक परीक्षा
UPPCS-2024 परीक्षा कुल 947 रिक्त पदों के लिए आयोजित की गई थी. प्रारंभिक परीक्षा 22 दिसंबर 2024 को हुई थी. जिसमें 576154 आवेदकों में से 241359 अभ्यर्थी शामिल हुए. प्रारंभिक चरण का परिणाम 28 फरवरी, 2025 को घोषित किया गया और 15066 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए उत्तीर्ण हुए थे.
मुख्य परीक्षा 29 जून से 2 जुलाई, 2025 तक आयोजित की गई थी. जिसके परिणाम 4 फरवरी, 2026 को घोषित किए गए. इसमें 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार चरण के लिए चुना गया. साक्षात्कार 16 फरवरी से 20 मार्च, 2026 तक आयोजित किए गए. जिसके बाद 29 मार्च, 2026 को PCS-2024 का फाइनल परिणाम घोषित किया गया.
aajtak.in