MLC चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए यूपी के मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि बीजेपी का प्रदर्शन और बेहतर हो सकता था, जहां भी चूक हुई है वहां हम देखेंगे, लेकिन सपा भी कोई जीती नहीं है, उनके पास जो सीटें थीं वही हैं. केवल लखनऊ में बदलाव हुआ है.
उन्होंने कहा कि 6 जगह बीजेपी जीती है. बीजेपी पिछली बार ही इस चुनाव में आई है. हालांकि, हम लोग और बेहतर कर सकते थे. उन्होंने बताया कि हम हर चुनाव को बहुत गंभीरता से लेते हैं. दयाशंकर सिंह ने कहा कि सपा गोरखपुर में कहां गायब हो गई, तीसरे-चौथे नंबर पर चली गई.
गोरखपुर में सपा के धांधली के आरोपों पर उन्होंने कहा कि सपा ने पहले से ही सोच रखा था कि हार जाएंगे तो धांधली का आरोप लगाएंगे. अब कम से कम यह तो बोल दें कि चुनाव आयोग निष्पक्ष काम करता है.
यह भी पढ़ें: 'चार राज्यों में बैलेट पेपर से हुए MLC चुनाव, कांग्रेस कितनी सीटें जीती?' नतीजों के बाद PM नरेंद्र मोदी का तंज
कांग्रेस के शून्य पर रहने और सीट शेयरिंग पर असर पर उन्होंने कहा, 'कांग्रेस पार्टी अपने सिद्धांतों से भटक गई है. समाजवादी पार्टी भी अपने सिद्धांतों से भटकी हुई है. समाजवादी पार्टी की स्थापना ही कांग्रेस के खिलाफ हुई थी, कांग्रेस के लोगों ने मुलायम सिंह यादव को जेल में बंद किया था और आज वही समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ समझौता कर रही है.'
बीजेपी कार्यसमिति की बैठक और अमित शाह के आगमन को लेकर दयाशंकर सिंह ने कहा कि अमित शाह का हर दौरा बहुत अहम होता है. पार्टी और देश के लिए उनका हर मूवमेंट बेहद खास होता है. सभी कार्यकर्ताओं को हमेशा उनका मार्गदर्शन मिलेगा और हम लोग उसी के मुताबिक काम करेंगे.
समर्थ श्रीवास्तव