उत्तर प्रदेश में पुलिसकर्मियों को दिवाली से पहले राहत मिली है. सरकार ने फील्ड ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के भत्ते बढ़ाने का फैसला लिया है. इसमें दरोगा, इंस्पेक्टर, सिपाही और हेड कांस्टेबल के साथ पीपीएस अधिकारियों को भी फायदा मिलेगा. मोटरसाइकिल भत्ते से लेकर वर्दी भत्ते तक में बढ़ोतरी की गई है.
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब 21 अक्टूबर को लखनऊ में पुलिस स्मृति दिवस-2026 के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित स्मृति परेड में शामिल हुए.
इसके तहत फील्ड ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक यानी दरोगा और निरीक्षक स्तर के अधिकारियों का मोटरसाइकिल भत्ता 700 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रतिमाह किया जा रहा है. यानी अब उन्हें हर महीने 300 रुपये ज्यादा मिलेंगे.
PPS अधिकारियों का वर्दी भत्ता बढ़ा
सरकार ने वर्दी भत्ता पाने वाले पीपीएस संवर्ग के अधिकारियों को भी राहत दी है. इनका वर्दी भत्ता 6,400 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये किया जा रहा है. इससे इस संवर्ग के अधिकारियों को पहले के मुकाबले ज्यादा भत्ता मिलेगा.
सिपाही और हेड कांस्टेबल को भी फायदा
फील्ड ड्यूटी में तैनात आरक्षी यानी सिपाही और मुख्य आरक्षी यानी हेड कांस्टेबल के भत्ते में भी बढ़ोतरी की गई है. पहले इन्हें 2,000 रुपये का भत्ता मिलता था. अब यह रकम बढ़ाकर 2,500 रुपये की जा रही है. यानी हर महीने 500 रुपये ज्यादा मिलेंगे.
सरकार ने शासन में लंबे समय से लंबित इन मामलों पर फैसला लिया है. इस फैसले से अलग-अलग पदों पर फील्ड ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को आर्थिक राहत मिलेगी.
आशीष श्रीवास्तव