महोबा में मोहब्बत का दर्दनाक अंत: सुसाइड से पहले भरी मांग, फिर पेड़ से लटककर प्रेमी-प्रेमिका ने दे दी जान

यूपी के महोबा में तीन साल से गुपचुप प्यार कर रहे अलग-अलग जाति के प्रेमी युगल ने आम के पेड़ से लटककर जान दे दी. मृतका की मांग सिंदूर से भरी थी, जिससे आशंका है कि मौत से ठीक पहले दोनों ने शादी की थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
मृतक उपेंद्र विश्वकर्मा और आरती कुशवाहा (File Photo) मृतक उपेंद्र विश्वकर्मा और आरती कुशवाहा (File Photo)

नाह‍िद अंसारी

  • महोबा ,
  • 03 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:03 AM IST

यूपी के महोबा जिले में एक प्रेमी युगल ने आम के पेड़ से लटककर अपनी जान दे दी. हैरान करने वाली बात यह है कि मृतका की मांग सिंदूर से भरी हुई मिली है, जिससे आशंका है कि दोनों ने मौत से ठीक पहले शादी की थी. अलग-अलग जाति के होने के कारण इस आत्मघाती कदम के पीछे सामाजिक डर माना जा रहा है. फिलहाल, पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है.

Advertisement

आपको बता दें कि बीते दिन चरखारी कोतवाली अंतर्गत सबुआ गांव के पास उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने गुढ़ा मोड़ स्थित एक खेत में आम के पेड़ से युवक और युवती के शवों को लटकते देखा. मृतकों की पहचान 24 वर्षीय उपेंद्र विश्वकर्मा और 22 वर्षीय आरती कुशवाहा के रूप में हुई. मृतका आरती की मांग सिंदूर से भरी हुई थी और पेड़ के पास ही कोल्ड ड्रिंक की बोतल, चिप्स के रैपर और मोबाइल फोन पड़ा मिला. 

आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने मौत को गले लगाने से ठीक पहले साथ जीने मरने की कसमों के साथ शादी की रस्में निभाईं और फिर यह खौफनाक कदम उठा लिया. उपेंद्र चरखारी कस्बे में एक आरा मशीन के लिए पेड़ काटने का काम करता था. इसी दौरान उसकी मुलाकात आरती से हुई, जो धीरे-धीरे गहरे प्रेम प्रसंग में बदल गई. पिछले तीन सालों से दोनों का प्यार गुपचुप तरीके से चल रहा था, जिसकी भनक परिजनों तक को नहीं थी.

Advertisement

बुधवार की शाम आरती अचानक घर से लापता हो गई थी, जिसकी शिकायत परिजनों ने कोतवाली में भी दी थी. लेकिन गुरुवार की सुबह दोनों की मौत की खबर आई. युवक के पिता कुंदनलाल और युवती के चाचा अनिल कुमार इस घटना से पूरी तरह स्तब्ध हैं. उनका कहना है कि दोनों ने कभी अपने रिश्ते का जिक्र घर में किसी से नहीं किया था.

इस दोहरे सुसाइड मामले पर क्षेत्राधिकारी दीपक दुबे का कहना है कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी. वहीं, उपेंद्र के दोस्त आशीष पाठक ने बताया कि उन्हें प्रेम प्रसंग की जानकारी तो थी, लेकिन लड़की कौन है, यह साफ नहीं था. दोस्त का मानना है कि अलग जाति होने के कारण शायद दोनों घबरा गए और उन्होंने यह कदम उठा लिया.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »