उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में तेशु-झांझी विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. सड़क पर त्योहार मनाने और विसर्जन करने के लिए जुटे लोगों के एक समूह को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया. इस हादसे में तीन किशोरियों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए. त्योहार की खुशियों के बीच हुए इस हादसे से इलाके में मातम पसर गया.
एक एजेंसी के मुताबिक पुलिस ने बताया कि यह हादसा रविवार रात करीब 8:30 बजे नसीरपुर थाना क्षेत्र के छतनपुरा गांव के पास शिकोहाबाद-बटेश्वर रोड पर हुआ. यहां लोग तेशु-झांझी का विसर्जन कर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कार वहां पहुंची और लोगों के समूह को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की जान चली गई.
दो 15 साल की लड़कियों की भी मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अंजलि (15), आकांक्षा (15), बबली (17) और हरीश कुमार (25) के रूप में हुई है. मृतकों में तीन किशोरियां शामिल हैं. इस हादसे में कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं. कार में सवार लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है.
कार चालक हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी
सिरसागंज की सर्कल ऑफिसर चंचल त्यागी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं. पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
क्या है तेशु-झांझी का त्योहार?
तेशु-झांझी का त्योहार ब्रज, बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मनाया जाता है. इस दौरान लोग पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उत्सव मनाते हैं और विसर्जन करते हैं. फिरोजाबाद में इसी त्योहार के दौरान हुए हादसे ने चार परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है. तीन किशोरियों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है.
सुधीर शर्मा