उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर स्थित धम्मौर थाना क्षेत्र के उघड़पुर गांव (अहिरन का पुरवा) में देर रात पुलिस टीम ने दबिश दी. ये दबिश अवधी गायक और यूट्यूबर संजय यदुवंशी के घर पर हुई. पुलिस जानलेवा हमले और मारपीट के मुकदमे में वांछित संजय यदुवंशी को गिरफ्तार करने के लिए वारंट तामील कराने पहुंची थी. हालांकि, संजय मौके पर नहीं मिले. कार्रवाई के दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. संजय के परिजनों ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाया, जबकि संजय ने सोशल मीडिया पर वीडियो और पोस्ट साझा कर पुलिस के उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है.
परिजनों ने लगाया एनकाउंटर का डर
संजय यदुवंशी के घर वालों ने दबिश के दौरान पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. संजय के पिता ने एक वीडियो जारी कर कहा कि पुलिस उनके घर में घुसकर उनके बेटों संजय और बड़े भाई शिवा यादव की तलाश कर रही थी. उन्होंने आशंका जताई कि पुलिस उनके बेटों का एनकाउंटर कर सकती है और यदि ऐसा कुछ होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस की होगी.
संजय यदुवंशी ने उठाये पुलिस पर सवाल
दूसरी तरफ, संजय यदुवंशी ने फेसबुक पर पोस्ट डालकर पुलिस के आलाधिकारियों से गुहार लगाई. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर एक गायक को अपराधी क्यों बनाया जा रहा है. गौरतलब है कि सितंबर में अमहट चौराहे पर एक युवक से मारपीट के मामले में भी संजय, उनके भाई और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था.
पुलिस ने दी आरोपों पर सफाई
सुल्तानपुर के सीओ रितिक कपूर के मुताबिक, जफरुल हसन की तहरीर पर शबीब रजा के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज है. विवेचना के दौरान संजय यदुवंशी वांछित हैं और पुलिस वारंट तामील कराने घर गई थी. पुलिस ने सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों को असत्य और निराधार बताते हुए कहा कि पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है.
नितिन श्रीवास्तव