उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा सियासी बदलाव देखने को मिला है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम चंद्र कश्यप ने वीआईपी पार्टी का दामन थाम लिया है. यह कदम ऐसे समय में सामने आया है जब प्रदेश में राजनीतिक दल अपनी ताकत बढ़ाने में जुटे हैं.
प्रेम चंद्र कश्यप जो उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की पार्टी से जुड़े रहे हैं, अब बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी की अगुवाई वाली वीआईपी पार्टी में शामिल हो गए हैं. उनके इस फैसले को राजनीतिक हलकों में काफी अहम माना जा रहा है.
इसी मौके पर अच्छे लाल निषाद ने भी वीआईपी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. अच्छे लाल निषाद पूर्व मंत्री रह चुके हैं और जन अधिकारी पार्टी से जुड़े हुए थे. उनके आने से भी पार्टी को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
ओम प्रकाश राजभर उत्तर प्रदेश की राजनीति के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं. वह सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. पिछड़े वर्ग, खासकर राजभर समाज की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है. उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में कई बार सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के साथ गठबंधन किया है. फिलहाल वह भाजपा के साथ हैं और योगी सरकार में मंत्री हैं. राज्य की सामाजिक और जातीय राजनीति में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है.
संतोष शर्मा