बदायूं के स्कूल में कक्षा-1 की छात्रा के साथ दर्दनाक हादसा, ब्रेसलेट का मोती निगलने से थमी सांसें, मची चीख-पुकार

बदायूं के ककराला स्थित एक निजी स्कूल में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां कक्षा एक की छात्रा ने खेल-खेल में अपने ब्रेसलेट का मोती निगल लिया, जिससे उसकी सांस नली बाधित हो गई. अस्पताल दर अस्पताल भटकने के बाद भी मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी.

Advertisement
बदायूं के स्कूल में दर्दनाक हादसा (Photo- Screengrab) बदायूं के स्कूल में दर्दनाक हादसा (Photo- Screengrab)

अंकुर चतुर्वेदी

  • बदायूं ,
  • 17 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 2:18 PM IST

Uttar Pradesh News: बदायूं के के 'न्यू होप्स पब्लिक स्कूल' में कक्षा एक की 6 वर्षीय छात्रा तापसी की मोती निगलने से मौत हो गई. छात्रा ने स्कूल में अपने हाथ के ब्रेसलेट का मोती चबाकर निगल लिया था, जिससे उसे अचानक सांस लेने में तकलीफ होने लगी. स्कूल प्रशासन और परिजन उसे तत्काल स्थानीय सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले गए, लेकिन सही समय पर इलाज न मिल पाने के कारण बच्ची ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्कूल के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. मामला थाना अलापुर क्षेत्र अंतर्गत ककराला इलाके का है. 

Advertisement

अस्पतालों की दौड़ और मासूम का दम तोड़ना

घटना के वक्त क्लास में मौजूद अन्य बच्ची ने बताया कि तापसी ने ब्रेसलेट का मोती मुंह में डाल लिया था. शिक्षिका की सूचना पर प्रिंसिपल भूराज सिंह ने परिजनों को बुलाया. बच्ची की दादी के आने पर स्कूल की गाड़ी से उसे बदायूं के ईएनटी विशेषज्ञ के पास ले जाया गया. वहां से सर्जन और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन गंभीर स्थिति के चलते उसे बचाया नहीं जा सका. पिता टेकचंद का आरोप है कि उन्हें बच्ची मृत अवस्था में मिली है, उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की है.

प्रिंसिपल का बयान और सीसीटीवी फुटेज

स्कूल के प्रिंसिपल भूराज सिंह ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बच्ची उनके लिए भी अपनी संतान जैसी थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूल प्रशासन ने तुरंत परिजनों को सूचित किया और हर संभव मदद की कोशिश की. प्रिंसिपल के अनुसार, स्कूल के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके. उन्होंने कहा कि वे जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं और परिजनों के साथ खड़े हैं. मामला अब पुलिस के पास है और सच्चाई का इंतजार किया जा रहा है.

Advertisement

पुलिस का बयान 

थाना अलापुर प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह बिष्ट ने बताया कि जिला अस्पताल से मेमो मिलने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. उच्चाधिकारियों के निर्देश पर डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम प्रक्रिया संपन्न होगी. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement