समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को अंबेडकर जयंती के भंडारे में पूड़ी खिलाने के बाद डिमोशन झेल रहे कर्मचारी उमेश कुमार का मामला अब और ज्यादा चर्चा में आ गया है. शुक्रवार को उनकी बेटी अंजलि मैसी लखनऊ स्थित सपा कार्यालय पहुंची और अखिलेश यादव से मुलाकात की. अंजलि ने कहा, सर आपके लिए ऐसी 100 नौकरियां भी कुर्बान हैं. पापा ने यही संदेश देकर आपके पास भेजा है. अंजलि की यह बात सुनने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि वह इस पूरे मामले में अधिकारियों से बात करेंगे.
दरअसल, 14 अप्रैल को बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर भंडारे का आयोजन किया गया था. इस दौरान कर्मचारी उमेश कुमार की बेटी अंजलि मैसी ने अखिलेश यादव को प्रसाद के रूप में पूड़ी खिलाई थी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. कुछ समय बाद उमेश कुमार को सुरक्षा निगरानी के काम से हटाकर दोबारा सफाई कार्य में लगा दिया गया. इसके बाद परिवार ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई जानबूझकर की गई है.
उमेश कुमार ने क्या आरोप लगाए
उमेश कुमार का कहना है कि अक्टूबर 2023 से उन्हें प्रतिष्ठानों की सुरक्षा निगरानी की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद अचानक उन्हें हटा दिया गया. उनका आरोप है कि सिर्फ अखिलेश यादव को भंडारे का प्रसाद खिलाने की वजह से उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है. परिवार का कहना है कि पूरे मामले को राजनीतिक रूप दे दिया गया है.
प्रशासन का क्या कहना है
वहीं छावनी परिषद प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज किया है. मुख्य अधिशासी अधिकारी अभिषेक राठौर ने कहा कि उमेश कुमार मूल रूप से सफाई कर्मचारी हैं और यह सिर्फ सामान्य प्रशासनिक बदलाव है. प्रशासन का कहना है कि उमेश कुमार के खिलाफ पहले से कई शिकायतें लंबित थीं. अधिकारियों के मुताबिक, उमेश कुमार ने कार्यक्रम को लेकर रक्षा मंत्रालय और अन्य सैन्य अधिकारियों को सीधे पत्र लिखे थे, जो सेवा आचरण नियमावली के खिलाफ माना गया.
इसी को कार्रवाई का आधार बताया जा रहा है.
अखिलेश यादव ने सरकार पर बोला हमला
इस मामले को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पीडीए समाज के एक परिवार को सिर्फ इसलिए परेशान किया जा रहा है क्योंकि उन्होंने अंबेडकर जयंती पर उन्हें भोजन कराया था. अखिलेश यादव ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए कहा कि भाजपा हमेशा से पीडीए विरोधी राजनीति करती रही है. उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी उनके साथ चाय पीने वाले लोगों को निशाना बनाया गया था.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई बेटी की बात
सपा कार्यालय में हुई मुलाकात के बाद अंजलि मैसी का बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. आपके लिए ऐसी 100 नौकरियां भी कुर्बान हैं... वाली लाइन सबसे ज्यादा चर्चा में है. कई लोग इसे परिवार की भावनात्मक प्रतिक्रिया बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं.
aajtak.in