UP: नाना की जमीन को लेकर विवाद में युवक की हत्या, घर से निकलते ही सीने में मारी गोली

शाहजहांपुर के बारी खास गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस विवाद के चलते 25 वर्षीय श्याम सुंदर की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका भाई बृजमोहन गंभीर रूप से घायल हो गया. विवाद नाना की संपत्ति को लेकर था.

Advertisement
शाहजहांपुर में युवक कील गोली मारकर हत्या.  (Photo: Representational ) शाहजहांपुर में युवक कील गोली मारकर हत्या. (Photo: Representational )

aajtak.in

  • शाहजहांपुर,
  • 15 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 12:29 PM IST

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में ज़मीन-जायदाद के विवाद ने एक युवक की जान ले ली, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. यह घटना जिले के बारी खास गांव में मंगलवार देर रात हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय श्याम सुंदर के रूप में हुई है. उसका भाई बृजमोहन हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है.

Advertisement

नाना की जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक श्याम सुंदर और उसका भाई अपने नाना के घर पर रहते थे. नाना की कोई संतान नहीं थी, जिसके चलते उन्होंने अपनी पूरी ज़मीन-जायदाद श्याम सुंदर के नाम कर दी थी. इसी बात को लेकर परिवार के अन्य सदस्यों, विशेषकर नाना के भतीजे के साथ उनका विवाद चल रहा था. यह विवाद समय के साथ गहराता गया और अंततः हिंसक रूप ले लिया.

मंगलवार को दिन में श्याम सुंदर अपने खेत में चारा काटने गया था, जहां उसकी आरोपी धनवीर सिंह से कहासुनी हो गई. बताया जा रहा है कि धनवीर सिंह का भी परिवार से संबंध है. दिन में हुई इस कहासुनी के बाद रात में आरोपी श्याम सुंदर के घर पहुंचा. पुलिस के अनुसार जैसे ही श्याम सुंदर घर के बाहर आया, आरोपी ने उस पर गोली चला दी. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

Advertisement

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
इस दौरान उसके भाई बृजमोहन पर भी किसी भारी वस्तु से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. वहीं घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के हिंसक रूप लेने की गंभीरता को उजागर किया है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement