बुर्का पहनकर कांवड़ लाने वाली तमन्ना पर संभल प्रशासन का शिकंजा: शांति भंग की आशंका में SDM कोर्ट ने भेजा नोटिस

संभल में बुर्का पहनकर कांवड़ लाने वाली तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को एसडीएम कोर्ट ने नोटिस जारी कर ₹20,000 के मुचलके से पाबंद किया है. सावन में तमन्ना की दोबारा कांवड़ यात्रा की योजना के बीच प्रशासन ने शांति भंग की आशंका और सुरक्षा को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया है.

Advertisement
बुर्का पहनकर कांवड़ लाने वाली तमन्ना और उसके पति अमन को नोटिस (Photo- ITG) बुर्का पहनकर कांवड़ लाने वाली तमन्ना और उसके पति अमन को नोटिस (Photo- ITG)

अभिनव माथुर

  • संभल ,
  • 04 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 10:38 AM IST


यूपी के संभल में कुछ महीने पहले बुर्का पहनकर कांवड़ लाने वाली तमन्ना मलिक और उसके पति अमन त्यागी को एसडीएम कोर्ट ने नोटिस भेजा है. तमन्ना मलिक सावन में भी बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा पर निकलने वाली थी. इसकी जानकारी मिलने पर तमन्ना और उसके पति अमन को कोर्ट से कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया. 

जानकारी के मुताबिक, संभल प्रशासन ने शांति भंग होने की आशंका के चलते ये नोटिस जारी किया है. दंपति को 20 हजार रुपये के मुचलके से पाबंद किया गया. बीते फरवरी महीने की शिवरात्रि पर बुर्का पहनकर हरिद्वार से कांवड़ लाने वाली तमन्ना मलिक ने संभल के नैमिषारण्य तीर्थ पर जलाभिषेक किया था. 

Advertisement

बुर्का पहनकर जलाभिषेक करने के बाद तमन्ना मलिक ने सोशल मीडिया पर धमकियां मिलने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी. इन्हीं सबके चलते प्रशासन पहले से मुस्तैद है. किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सारे इंतजाम किये जा रहे हैं. 

बता दें कि बीती शिवरात्रि को संभल निवासी तमन्ना मलिक ने बुर्का पहनकर हरिद्वार से 170 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा पूरी की और महाशिवरात्रि पर क्षेम नाथ मंदिर में जलाभिषेक किया. तमन्ना ने साढ़े तीन साल पहले हिंदू युवक अमन त्यागी से शादी की थी और शादी सफल होने की मन्नत पूरी करने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया.

हालांकि, बुर्के में कांवड़ लाने पर विवाद खड़ा हो गया. सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे कम ज्ञान के कारण उठाया गया गलत कदम बताया था. वहीं, तमन्ना और उनके पति ने विरोध को दरकिनार करते हुए अपनी आस्था को धर्म की सीमाओं से ऊपर बताया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »