Uttar Pradesh News: सहारनपुर के गंगोह रोड स्थित गोगा म्हाड़ी परिसर के ऐतिहासिक स्वच्छ कुंड में सोमवार शाम कुछ मुस्लिम महिलाओं द्वारा नमाज अदा करने का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. यह परिसर सनातन आस्था का एक प्रमुख केंद्र है, जिसका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद गंगाजल अर्पित कर और पूजा-अर्चना करके जीर्णोद्धार किया था. पवित्र धार्मिक स्थल पर इस तरह की गतिविधि सामने आने के बाद हिंदू संगठनों और गोगा म्हाड़ी सुधार सभा के सदस्यों में भारी आक्रोश फैल गया है. हिंदू संगठनों की शिकायत और तहरीर के बाद सहारनपुर की थाना पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सीस टीवी के आधार पर कानूनी जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
सोमवार शाम को क्या हुआ था?
सरोवर के केयरटेकर मोहित वशिष्ठ ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6 बजे तीन-चार महिलाएं और कुछ बच्चे परिसर की सीढ़ियों पर आकर बैठ गए थे. इसी दौरान अचानक महिलाएं वहां नमाज पढ़ने लगीं. जैसे ही कर्मचारियों ने इसके बारे में सूचित किया, केयरटेकर और उनके वालंटियर तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने महिलाओं को कड़े शब्दों में समझाया कि यह एक ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है और यहां ऐसी किसी गतिविधि की अनुमति नहीं है जिससे किसी की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचे, जिसके बाद उन्हें वहां से हटा दिया गया.
1200 वर्ष पुराना आस्था का केंद्र
गोगा म्हाड़ी सुधार सभा के अध्यक्ष अनिल प्रताप सैनी ने इस घटना के लिए नगर निगम प्रशासन और मेयर को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि यह लगभग 1200 वर्ष पुराना पवित्र स्थल है, जहां से जाहरवीर गोगा जी महाराज के ऐतिहासिक मेले की शुरुआत हुई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्क बनने के बाद से बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ी है और कुछ लोग कुंड में वजू व कुल्ला करते भी दिखे हैं. सुधार सभा के सभी दस्तावेज अब तैयार हैं और वे जल्द ही लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे.
पुलिस और प्रशासन का एक्शन
घटना पर नगर निगम के मेयर डॉ. अजय सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की पूरी जांच कराई जाएगी और लापरवाही मिलने पर पार्क संचालक के खिलाफ कार्रवाई होगी. दूसरी तरफ, एसपी सिटी व्योम बिंदल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस को इस संबंध में तहरीर प्राप्त हो गई है. अज्ञात महिलाओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है. हिंदू संगठनों ने मांग पूरी न होने पर नगर निगम के खिलाफ बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है.
राहुल कुमार