'नाम क्या है?' सवाल के बाद बवाल... युवक-युवती से मारपीट का VIDEO वायरल, पुलिस जांच में जुटी

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में युवक-युवती के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिला परिषद मार्केट में भीड़ ने युवक को घेरकर पीटा, जबकि युवती उसे बचाने की कोशिश करती रही. पुलिस दोनों को सुरक्षित थाने ले गई है और पूरे मामले की जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है.

Advertisement
पहचान को लेकर हुआ विवाद.(Photo: Screengrab) पहचान को लेकर हुआ विवाद.(Photo: Screengrab)

संदीप सैनी

  • मुजफ्फरनगर,
  • 12 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:32 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक और युवती के साथ भीड़ की कथित मारपीट दिखाई दे रही है. दावा किया जा रहा है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित जिला परिषद मार्केट में दोनों एक जलपान की दुकान पर बैठे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया. इसके बाद युवक से नाम पूछे जाने पर विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया.

Advertisement

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ युवक के साथ हाथापाई कर रही है, जबकि युवती लगातार उसे बचाने का प्रयास करती नजर आती है. आरोप है कि इस दौरान युवती के साथ भी कथित तौर पर धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया गया. घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

यह भी पढ़ें: 'नेता बनने का शौक है तो नौकरी छोड़ दो', मुजफ्फरनगर में मंत्री ने लगाई बिजली विभाग के अधिकारी को फटकार

सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवक-युवती को भीड़ के बीच से निकालकर सुरक्षित सिविल लाइन थाने ले गई. पुलिस ने युवक का मेडिकल भी कराया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

पहचान को लेकर हुआ विवाद, कई तरह के दावे

मौके पर मौजूद लोगों का दावा है कि युवक और युवती अलग-अलग धर्म के हैं. आरोप है कि युवक से नाम पूछे जाने पर उसने पहले खुद को "आशु शर्मा" बताया, लेकिन बाद में उसकी पहचान को लेकर सवाल उठाए गए. इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और विवाद बढ़ गया.

Advertisement

फिलहाल यह भी जानकारी सामने आ रही है कि युवक मुस्लिम समुदाय से और युवती हिंदू समुदाय से बताई जा रही है. दोनों के शामली जिले के थानाभवन क्षेत्र के रहने की बात कही जा रही है. हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है.

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. युवक और युवती से पूछताछ की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

एसपी बोले- तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई

मुजफ्फरनगर के एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पीड़ित युवक को थाने लाया गया और मेडिकल के लिए भेजा गया. उन्होंने कहा कि जो भी तहरीर प्राप्त होगी और जांच में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक और कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

वहीं, घटना के दौरान मौजूद रहे प्रशांत नाम के एक युवक, जिसने खुद को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताया, ने दावा किया कि उसने युवक से सिर्फ नाम पूछा था. उसके अनुसार युवक ने पहले अपना नाम "आशु शर्मा" बताया, लेकिन बाद में खुद को मुस्लिम बताया. प्रशांत का कहना है कि उसे युवक के दूसरे धर्म का होने से कोई आपत्ति नहीं थी, बल्कि उसने पहचान छिपाने पर सवाल उठाया. उसने यह भी दावा किया कि भीड़ में किसने मारपीट की, इसकी जानकारी उसे नहीं है और पुलिस को सूचना भी उसी पक्ष की ओर से दी गई थी.

Advertisement

पुलिस का कहना है कि फिलहाल वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है. साथ ही युवक-युवती के परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और तहरीर मिलने के बाद कानून के मुताबिक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »