उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शनिवार को कचहरी परिसर के पास एक अनोखी घटना देखने को मिली. यहां एक बंदर ने जमीन की रजिस्ट्री कराने आए युवक के हाथ से रुपयों से भरा थैला झपट लिया और पेड़ पर चढ़ गया. इसके बाद जो हुआ, उसे देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए.
जानकारी के अनुसार एक युवक जमीन का बैनामा कराने के लिए कचहरी परिसर में स्थित एक अधिवक्ता के चेंबर पर पहुंचा था. उसके पास एक थैला था, जिसमें करीब दो लाख रुपये रखे हुए थे. चेंबर से बाहर निकलकर जब वह रजिस्ट्री विभाग के स्टांप वेंडर की ओर जा रहा था, तभी एक बंदर ने अचानक उसके हाथ से थैला छीन लिया और पास के एक पेड़ पर जाकर बैठ गया.
पेड़ पर बैठकर उड़ाने लगा नोट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बंदर ने शायद थैले में खाने-पीने का सामान होने की उम्मीद में उसे छीना था. लेकिन जब उसने थैला खोलकर देखा तो उसमें नोटों की गड्डियां थीं. नोट देखकर बंदर ने एक-एक कर गड्डियों को पेड़ से नीचे फेंकना शुरू कर दिया. कुछ नोट हवा में उड़ने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
युवक ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए. लोगों ने सड़क और परिसर में बिखर रहे नोटों को समेटना शुरू कर दिया. काफी देर तक यह सिलसिला चलता रहा और कचहरी परिसर के बाहर 'नोटों की बारिश' जैसा नजारा देखने को मिला.
वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा है वायरल
गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने ईमानदारी दिखाते हुए अधिकांश रुपये युवक को वापस दिला दिए. बताया जा रहा है कि करीब दो लाख रुपये में से लगभग 1 लाख 98 हजार रुपये बरामद कर लिए गए. केवल थोड़ी रकम ही गायब बताई जा रही है.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में पेड़ पर बैठा बंदर नोट फेंकता नजर आ रहा है, जबकि नीचे खड़े लोग उन्हें समेट रहे हैं. सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर मजेदार टिप्पणियां भी कर रहे हैं. कई यूजर्स ने इसे "नोटों की बारिश" बताया, जबकि कुछ ने मजाकिया अंदाज में कहा कि "शनिवार को बंदर बाबा ने अपना भंडारा कर दिया." यह अनोखी घटना पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है.
मुकुल शर्मा