'गलत तरीके से नहीं छुआ, हमेशा बहन माना', Youtuber शादाब जकाती और आरोप लगाने वाली के बीच हुआ समझौता

मेरठ में यूट्यूबर शादाब जकाती पर लगाए गए आरोपों से महिला पलट गई है. महिला ने माफी मांगते हुए सभी आरोप झूठे बताए और केस वापस लेने की बात कही. दोनों के बीच समझौता भी हो गया है. अब मामला पुलिस और कोर्ट के सामने है कि इस समझौते पर क्या फैसला लिया जाता है.

Advertisement
शादाब जकाती और महिला के बीच हुआ लिखित समझौता (Photo: Screengrab) शादाब जकाती और महिला के बीच हुआ लिखित समझौता (Photo: Screengrab)

उस्मान चौधरी

  • मेरठ ,
  • 24 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:20 PM IST

मेरठ के थाना इंचौली क्षेत्र में यूट्यूबर शादाब जकाती से जुड़ा मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. जिस महिला ने उन पर गंभीर आरोप लगाए थे, अब वह अपने ही आरोपों से पलट गई है. कैमरे के सामने महिला और शादाब जकाती दोनों आए, जहां महिला ने माफी मांगी और शादाब ने उसे माफ कर दिया. दोनों के बीच लिखित समझौता भी हुआ है, जिसे थाने में जमा करने की बात कही जा रही है. महिला ने साफ कहा कि वह अब अपना केस वापस लेना चाहती है. उसका कहना है कि उसे कुछ लोगों ने भड़काया था, जिसके कारण उसने शादाब जकाती पर आरोप लगाए थे. अब वह अपनी मर्जी से समझौता कर रही है और केस वापस ले रही है.

Advertisement

दरअसल, कुछ दिन पहले मूल रूप से झारखंड की रहने वाली इस महिला ने शादाब जकाती पर शारीरिक शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. महिला ने बताया था कि वह टाइल पत्थर की मजदूरी करती थी और उसका पति बैटरी का काम करता है. इसी दौरान वह यूट्यूब पर वीडियो बनाने लगी और शादाब के संपर्क में आई. इसके बाद उसने शोषण के आरोप लगाए थे. महिला की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज भी कर लिया था, हालांकि अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.

शादाब जकाती और महिला के बीच हुआ लिखित समझौता

23 तारीख को दोनों पक्ष सामने आए, जहां महिला ने अपने सभी आरोप झूठे बताते हुए माफी मांगी. महिला ने कहा कि उसे धमकी देकर और बहकाकर यह सब कराया गया. उसने कहा कि वह शादाब को भाई मानती थी और आज भी मानती है. उसने माना कि उसने बहुत गलत किया और सभी आरोप झूठे थे.

Advertisement

वहीं शादाब जकाती ने भी भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने महिला की मदद की थी और उसके बच्चे का एडमिशन तक कराया था. उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी उसे गलत तरीके से नहीं छुआ और हमेशा उसे बहन माना. उन्होंने बताया कि आरोप लगने के बाद उनकी जिंदगी पर असर पड़ा और वह अपने परिवार से भी दूर हो गए थे. इसके बावजूद उन्होंने महिला को माफ कर दिया.

इस मामले में शादाब के वकील असद सिद्दीकी ने बताया कि दोनों के बीच समझौता हो चुका है और अब कोई विवाद नहीं है. समझौते पर दोनों पक्षों के हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान हैं, साथ ही महिला के पति ने गवाह के रूप में साइन किए हैं. इस समझौते को थाने में जमा किया जाएगा और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जाएगी.

राहुल ठाकुर ने उठाए सवाल, कानूनी कार्रवाई की बात कही

वहीं इस मामले में जुड़े राहुल ठाकुर का कहना है कि अगर इस तरह समझौता किया गया है तो यह कानून के खिलाफ हो सकता है और इस पर कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्हें भी भ्रमित किया गया और वह महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे. अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस और कोर्ट इस समझौते को किस तरह लेते हैं और आगे क्या कार्रवाई होती है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement