मेरठ में किसान नेता दिग्विजय भाटी से कथित मारपीट के मामले में मेरठ के नए एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने पदभार संभालते ही बड़ा एक्शन लिया है. सिविल लाइंस थाना प्रभारी अखिलेश कुमार गौड़ समेत 8 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है.
पुलिस ने बयान जारी करते हुए बताया कि सोशल मीडिया एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से पुलिस विभाग के अधिकारी/कर्मचारी द्वारा एक व्यक्ति के साथ मारपीट किया जाने के प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए इस सम्बन्ध में जांच अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, मेरठ के आदेश अनुसार पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर रेंज द्वारा संपादित की जा रही है. जांच की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता प्रभावित न हो, इसके लिए 8 पुलिस कर्मियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ द्वारा तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया जाता है.
इन पुलिस कर्मियों को किया गया लाइन हाजिर
1. निरीक्षक अखिलेश कुमार गौड़ , थाना प्रभारी सिविल लाइंस
2. उप निरीक्षक मुलायम सिंह, थाना सिविल लाइंस
3. हेड कॉन्स्टेबल 1094 हरि ओम, थाना सिविल लाइंस
4. कॉन्स्टेबल 4016 मुकेश कुमार,थाना सिविल लाइंस
5. हेड कॉन्स्टेबल 18 श्याम बाबू थाना, सिविल लाइंस
6. कॉन्स्टेबल 1559 सुमित कुमार, थाना सिविल लाइंस
7. नीलम लौर, थाना सिविल लाइंस
8. ललित कुमार,थाना सिविल लाइंस ।
क्या है मामला?
आरोप है कि 19 अगस्त को किसान नेता दिग्विजय भाटी और उनके साथी मोहित जाटव SSP कार्यालय पहुंचे थे और वहां उनके साथ मारपीट की गई और बाद में SOG कार्यालय ले जाकर भी कथित तौर पर बर्बरता की गई. दिग्विजय भाटी ने आंख और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने के आरोप लगाए. शुक्रवार को सपा विधायक अतुल प्रधान, जिन्हें पश्चिमी यूपी के प्रमुख गुर्जर नेताओं में गिना जाता है, ने अपने आवास पर दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले में कार्रवाई की मांग की.
इसी बीच मेरठ में तैनात SSP अविनाश पांडेय को बृहस्पतिवार को मेरठ से हटाकर DGP मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया और उनकी जगह झांसी के SSP रहे बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ की कमान सौंपी गई. नए SSP ने शुक्रवार को पदभार संभाला और इसके बाद जांच की निष्पक्षता प्रभावित न हो, इसके लिए यह कार्रवाई की गई.
जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस मामले की जांच ADG मेरठ जोन के आदेश पर DIG सहारनपुर रेंज द्वारा की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है. जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.
उस्मान चौधरी