आकाश आनंद की BSP में वापसी, मायावती ने फिर बनाया राष्ट्रीय संयोजक

मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी में वापसी का मौका दिया है. उन्होंने आकाश को एक बार फिर राष्ट्रीय संयोजक पद की जिम्मेदारी सौंपी है. उन्होंने दावा किया कि आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद से उनके बर्ताव में काफी सुधार हुआ है.

Advertisement
मायावती ने आकाश आनंद को एक बार फिर BSP में शामिल किया. (File Photo: ITG) मायावती ने आकाश आनंद को एक बार फिर BSP में शामिल किया. (File Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 05 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:13 PM IST

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने एक बार फिर अपने भतीजे आकाश आनंद की पार्टी में वापसी का ऐलान कर दिया है. BSP प्रमुख ने पार्टी के हित का हवाला देते हुए आकाश आनंद को एक बार फिर बीएसपी के राष्ट्रीय संयोजक पद की जिम्मेदारी सौंप दी है.

मायावती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और कांशीराम का कड़ा संघर्ष हमेशा से पार्टी की प्रेरणा रहा है. बीएसपी ने इसी रास्ते पर चलकर राजनीति में बड़ी सफलताएं हासिल की हैं और आगामी यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां भी जोरों पर हैं.

Advertisement

उन्होंने कहा कि पूरा 'बहुजन समाज' ही उनका विराट परिवार है और जनता का हित उनके लिए सबसे पहले है. पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए उन्होंने अतीत में कई कड़े फैसले लिए हैं, जिससे उनके अपने परिवार के लोग भी अछूते नहीं रहे हैं.

ससुर के संन्यास के बाद बदला माहौल

मायावती ने कहा कि आकाश आनंद का व्यक्तित्व पार्टी में अमूमन ठीक रहा है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में कुछ ऐसे हालात बने जिसके चलते संगठन में बदलाव करने पड़े. इन हालात के बीच आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से संन्यास लेना पड़ा. इसके बाद से आकाश आनंद के काम करने के तरीके में काफी बदलाव आया है.

BSP प्रमुख ने बताया कि पार्टी के ज्यादातर लोगों की मांग थी कि आकाश आनंद की अपील को स्वीकार करते हुए उन्हें पुरानी जिम्मेदारियों के साथ दोबारा काम करने का मौका दिया जाए. इस बात पर उनके पिता और छोटे भाई ईशान आनंद ने भी अपनी सहमति जताई है. ईशान आनंद ने पार्टी के लिए अपनी ईमानदारी दिखाते हुए ये तक कहा कि वो बिना किसी पद के भी मायावती के निर्देशों के मुताबिक पूरी ईमानदारी से काम करने को तैयार हैं.

Advertisement

चेतावनी के साथ आकाश को दी पुरानी जिम्मेदारी

मायावती ने ऐलान किया कि सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद पार्टी ने आकाश आनंद को फिर से नेशनल कन्वेनर की जिम्मेदारी सौंप दी है. मायावती ने ये उम्मीद भी जताई है कि अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से हटने के बाद अब संगठन में सब कुछ ठीक से चलेगा और बार-बार बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

हालांकि, उन्होंने ये भी चेताया कि ये काफी हद तक खुद आकाश आनंद के बर्ताव पर निर्भर करेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »