यूपी के मऊ जिले के दोहरीघाट रेलवे स्टेशन पर दोहरीघाट-औड़िहार मेमो ट्रेन के उद्घाटन के दौरान भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर संघर्ष हुआ. यह बवाल प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और मऊ के सपा सांसद राजीव राय की मौजूदगी में हुआ. उद्घाटन का राजनीतिक श्रेय लेने के चक्कर में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे अफरा-तफरी मच गई. सपा कार्यकर्ताओं के मंच पर चढ़ने के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें नीचे उतारा. इस भारी हंगामे के बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाई.
मंच पर संग्राम: श्रेय की होड़ में भिड़े समर्थक
दोहरीघाट स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम में राजनीतिक माहौल तब गरमा गया जब सपा सांसद राजीव राय के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंच गए. भाजपा समर्थकों ने भी अपने नेताओं के पक्ष में नारेबाजी शुरू कर दी.
देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल और कई थानों की पुलिस को तैनात किया गया. पुलिस को सपा कार्यकर्ताओं को मंच से हटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिससे कार्यक्रम में घंटों तक तनाव बना रहा.
सांसद राजीव राय का आरोप: 'मंत्री के गुंडों ने किया हमला'
कार्यक्रम के बाद सपा सांसद राजीव राय ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के 'व्यक्ति विशेष' द्वारा पालित चंद गुंडों ने घोसी के राजनीतिक इतिहास पर काला धब्बा लगाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पोस्टर फाड़ने के लिए गरीब दुकानदारों की दुकानें तोड़ी गईं और उनकी गाड़ी को रोका गया. राजीव राय ने कहा कि अगर वे अनुशासन छोड़ देते तो अधिकारी सस्पेंड हो जाते। उन्होंने मंत्री एके शर्मा की भाषा पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी कि किसी भी निर्दोष सपा कार्यकर्ता का उत्पीड़न हुआ तो वे चुप नहीं बैठेंगे.
मंत्री एके शर्मा का पलटवार: 'सपा का काम सिर्फ हंगामा'
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने हंगामे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सपा का काम ही उत्पात मचाना है. उन्होंने कहा कि भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं ने सपा की गुंडई का मुंहतोड़ जवाब दिया है. शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास कर रही है और सपा नेता केवल फोटो खिंचवाने और अनर्गल यश लेने के लिए उपद्रव करते हैं. उन्होंने आगे कहा कि जनता यह सब देख रही है और सपा के इस रवैये से यूपी में फिर से 2017 जैसा परिणाम दोहराया जाएगा.
पुलिस और प्रशासन की कड़ी मशक्कत
शाम करीब चार बजे जब ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई, तब तक स्टेशन परिसर छावनी में तब्दील हो चुका था. सपा सांसद ने पुलिस अधिकारियों, विशेषकर सीओ मधुबन की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की और निष्पक्ष रहने की हिदायत दी. दूसरी तरफ, ऊर्जा मंत्री ने कुशलतापूर्वक कार्यक्रम संपन्न होने पर संतोष जताया. ट्रेन अब दोहरीघाट से वाराणसी तक जाएगी, लेकिन इस उद्घाटन से ज्यादा चर्चा नेताओं के बीच हुई जुबानी जंग और कार्यकर्ताओं के बीच हुए उस उत्पात की हो रही है जिसने विकास के उत्सव को हंगामे में बदल दिया.
दुर्गा किंकर सिंह