प्रयागराज और कौशांबी बॉर्डर पर स्थित पिपरी व पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण विस्फोट हो गया. तेज धमाके के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई मकान इसकी चपेट में आ गए. जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने पुष्टि की कि इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है,
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे लोगों की तलाश और राहत कार्य शुरू किया. फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है. जांच-पड़ताल की जा रही है.
राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हुए हैं. किसी अन्य अनहोनी से बचने के लिए आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया है.
हादसे के कारणों की जांच शुरू
विस्फोट किस वजह से हुआ, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है. पुलिस और संबंधित टीमें मौके पर पहुंचकर घटना की डिटेल जांच में जुटी हैं. इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री में पटाखों के निर्माण व भंडारण के लिए वैध अनुमति और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम थे या नहीं.
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी में बस्ती से कुछ दूर पर एक मकान में पटाखा बनाया जा रहा था. उस मकान के ऊपर से ही बिजली के तार गुजरे हैं. आज दोपहर अचानक उस मकान से धुआं उठने लगा. कुछ देर बाद एक-एक करके पटाखे फूटने लगे और इलाके में हड़कंप मच गया.
जिलाधिकारी अमित पाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन, प्रयागराज और कौशांबी दोनों जिलों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. फायर ब्रिगेड ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और मौके पर एम्बुलेंस तथा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी ने कौशांबी में हुए इस हादसे का लिया संज्ञान है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है. इसके अलावा 50-50 हजार रुपए मुआवजे की भी घोषणा की है. उन्होंने हादसे में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज करवाने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के परिजनों से बात करके अधिकारियों को हर मुमकिन मदद करने के निर्देश दिए और हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. इसके साथ ही सीएम योगी ने अधिकारियों को राहत और उपचार कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए हैं.
अखिलेश कुमार