उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में नेशनल हाईवे पर उस समय सनसनी फैल गई, जब देर रात वाराणसी से दर्शन कर परिवार के साथ लौट रहे एक युवक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी. युवक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ हाईवे किनारे एक दुकान पर कोल्ड ड्रिंक और चिप्स लेने के लिए रुका था. तभी कार सवार बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. दो गोलियां लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
फर्रुखाबाद के कादरीगेट थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 9 बजे हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी. फरीदाबाद के दयालपुर निवासी 32 वर्षीय अरुण हुड्डा अपनी पत्नी राखी और बच्चे के साथ कार से वाराणसी दर्शन के लिए गए थे. रविवार को परिवार के साथ वापस लौटते समय वह पांचाल घाट के पास एक किराना दुकान पर रुके. अरुण ने दुकान से कोल्ड ड्रिंक, चिप्स और पानी की बोतल खरीदी. जैसे ही वह कोल्ड ड्रिंक खोलकर उसमें नमक डाल रहे थे और अपनी पत्नी को देने ही वाले थे कि तभी एक सफेद रंग की कार वहां आकर रुकी. कार से उतरे बदमाशों ने अचानक अरुण पर फायरिंग शुरू कर दी.
गोलीबारी में अरुण को दो गोलियां लगीं और वह मौके पर ही गिर पड़े. पत्नी और बच्चे के सामने हुई इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और डीवीआर को कब्जे में लेकर अहम सुराग जुटाए जा रहे हैं.
पुलिस ने शुरू की बदमाशों की तलाश
इस घटना पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि 112 पर सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति की अज्ञात लोगों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई है. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. जांच में पता चला कि मृतक वाराणसी से अपने घर फरीदाबाद लौट रहा था. दुकान पर सामान खरीदने के दौरान दो युवकों ने उस पर फायरिंग की. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों से पूछताछ की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज से कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.
फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गई हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. अब देखना होगा कि पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कब तक कर पाती है.
(रिपोर्ट- फिरोज अली खान)
फिरोज़ खान