बहन का डिप्रेशन या एलिमनी की मांग वजह? उलझा लखनऊ डबल मर्डर और सुसाइड केस

लखनऊ में एक बैंक कर्मचारी ने अपनी पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या की थी. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है. इसमें वैवाहिक विवाद, तलाक, एलिमनी और बहन से जुड़े मतभेद को गहराई से जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज, परिवार के बयानों और डिजिटल सबूतों की मदद से पुलिस हत्या के पीछे की सच्चाई और हथियारों के सोर्स का पता लगाने में जुटी हुई है.

Advertisement
पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. (फोटो-ITG) पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. (फोटो-ITG)

aajtak.in

  • लखनऊ,
  • 21 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 7:44 PM IST

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर और सुसाइड मामले में पुलिस ने जांच बहुत तेज कर दी है. दरअसल, गुरुवार को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एक कर्मचारी ने अपनी पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली थी. 

इस दिल दहला देने वाली घटना के एक दिन बाद पुलिस अब हत्या के पीछे की असल वजह, पूरी घटना का टाइमलाइन और तीन हथियारों के सोर्स का पता लगाने में जुटी है.

Advertisement

पुलिस का कहना है कि अभी जांच शुरुआती दौर में है. पुलिस वैवाहिक विवाद, तलाक के केस, एलिमनी की मांग और आरोपी की बहन को लेकर चल रहे मतभेदों समेत सभी संभावित एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: लखनऊ में डबल मर्डर और सुसाइड... पत्नी और बहन को गोली मारने के बाद खुद को किया शूट, रिलेशनशिप मैनेजर थी पत्नी

एडिशनल डीसीपी (ईस्ट) अमोल मुकुट ने मीडिया से बातचीत की. उन्होंने कहा कि पुलिस इस घटना के हर पहलू और कारणों की जांच कर रही है. जांच अभी शुरुआती चरण में है इसलिए इस पर अभी ज्यादा कुछ कहना जल्दबाजी होगी. 

उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस रिश्तेदारों और परिवार के जानकारों से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या मानस वाजपेयी ने इन हत्याओं की पूरी प्लानिंग पहले से की थी. इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि उसे हथियार उपलब्ध कराने में किसी ने मदद की थी या नहीं.

Advertisement

पुलिस गोमती नगर स्थित ICICI बैंक की ब्रांच के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है. इसी बैंक के बाहर मानस ने अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को गोली मारी थी. पुलिस की जांच के मुताबिक मानस ने गुरुवार को दोपहर करीब सवा बारह बजे दिव्या को बैंक के बाहर बुलाया था. दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई. इसके बाद मानस ने दिव्या पर गोली चला दी. वहां से ऑटो रिक्शा में बैठकर फरार हो गया.

यह भी पढ़ें: 'मैंने पत्नी को मार दिया, वो मुझे चीट कर रही थी'... कत्ल के बाद मानस ने लगाया स्टेटस, फिर बहन को मार कर किया सुसाइड

बहन को गोली मारकर खुद किया सुसाइड

बैंक के बाहर वारदात को अंजाम देने के बाद मानस हुसरिया स्थित अपने घर पहुंचा. यह घटनास्थल से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर था. घर पहुंचकर उसने अपनी बहन शीबा वाजपेयी (28) को गोली मारी. फिर खुद को भी गोली मारकर सुसाइड कर लिया.

पुलिस मानस द्वारा मौत से पहले लगाए गए व्हाट्सएप स्टेटस की भी जांच कर रही है. उस स्टेटस में उसने अपनी पत्नी, अपनी साली प्रज्ञा मिश्रा और उसके पति पर कई गंभीर आरोप लगाए थे. पुलिस सूत्रों के मुताबिक 18 अगस्त को इस जोड़े की तलाक के मामले को लेकर फैमिली कोर्ट में सुनवाई थी. यह इस जांच का एक अहम हिस्सा है.

Advertisement

पुलिस इस रिपोर्ट की भी जांच कर रही है कि क्या सुनवाई के दौरान एलिमनी को लेकर कोई विवाद हुआ था? क्या कोई बड़ी रकम मांगी गई थी? इसके अलावा पुलिस पति-पत्नी के बीच मानस की बहन को लेकर चल रहे पुराने विवाद की भी जांच कर रही है. 

यह भी पढ़ें: 'साइको था पति, अलग रह रही थी दिव्या...', लखनऊ डबल मर्डर-सुसाइड केस में मृतका की बहन के चौंकाने वाले दावे

परिवार के सदस्यों के मुताबिक, मानस की बहन डिप्रेशन का इलाज करा रही थी. मृतका दिव्या की बहन प्रज्ञा ने आरोप लगाया है कि मानस उनकी बहन को काफी प्रताड़ित करता था. प्रज्ञा ने यह सवाल भी उठाया है कि मानस के पास हथियार कहां से आए? क्या इस घटना में कोई दूसरा व्यक्ति भी शामिल था?

पुलिस ने अभी तक किसी तीसरे व्यक्ति के शामिल होने की पुष्टि नहीं की है.  इन सभी आरोपों की बारीकी से जांच कर रही है. बैंक के बाहर की सीसीटीवी फुटेज, बैंक कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों के बयान, फोरेंसिक सबूत और आरोपी के डिजिटल रिकॉर्ड इस पूरी जांच के मुख्य आधार हैं. 

पुलिस ने बताया कि मानस, दिव्या और शीबा तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फोरेंसिक टीमों ने दोनों ही घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस इस मामले की हर कड़ी को आपस में जोड़कर सच तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »